भंवरी देवी हत्याकांड में न्याय की मांग, डांवरा, अनियानाडा व अणवाणा केलावा के ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बावड़ी (जोधपुर/ मिश्रीलाल लखारा) बावड़ी भंवरी देवी विश्नोई हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी, हत्या में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी और पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने की मांग को लेकर बावड़ी उपखंड के डांवरा, अनियानाडा और अणवाणा केलावा जूड गांव के सर्व समाज के लोगों ने मंगलवार को वाहन रैली निकाली।
ग्रामीण डांवरा गांव से वाहन रैली के रूप में रवाना हुए और अनियानाडा व अणवाणा जुड़ केलावा होते हुए बावड़ी उपखंड मुख्यालय पहुंचे। रैली में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों ने भंवरी देवी को न्याय दिलाने और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की।
बावड़ी उपखंड मुख्यालय पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी जवाहर राम चौधरी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि 27 जुलाई 2026 को लोहावट थाना क्षेत्र के जम्बेश्वर नगर गांव में भंवरी देवी विश्नोई की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी तथा उनकी दो बेटियों पर भी जानलेवा हमला किया गया था। घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद मामले में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं का पूर्ण खुलासा नहीं होने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई।
ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से हत्या में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी, घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी तथा हत्या के पीछे के वास्तविक कारण और पूरे षड्यंत्र का खुलासा करने की मांग की। साथ ही पुलिस से मामले में जल्द और प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि भंवरी देवी के परिवार और सर्व समाज की ओर से लगातार न्याय की मांग की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के बाद वाहन रैली वापस लोहावट धरना स्थल के लिए रवाना हुई। ग्रामीणों ने बताया कि लोहावट धरना स्थल पर पहुंचने के बाद आगे फलोदी में भी ज्ञापन सौंपकर भंवरी देवी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर आवाज उठाई जाएगी।

