सोयला-खुडाला संपर्क मार्ग के पुनर्निर्माण को राज्य सरकार की स्वीकृति; जर्जर सड़क से मिलेगी राहत

Aug 22, 2026 - 18:21
 0
सोयला-खुडाला संपर्क मार्ग के पुनर्निर्माण को राज्य सरकार की स्वीकृति; जर्जर सड़क से मिलेगी राहत

मिश्रीलाल लखारा (बावड़ी/जोधपुर)

बावड़ी/सोयला। बावड़ी उपखंड के सोयला से नागौर जिला सीमा स्थित खुडाला को जोड़ने वाले मुख्य संपर्क मार्ग के दिन अब जल्द ही बहुरने वाले हैं। लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रही इस जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण एवं नवीनीकरण के लिए राज्य सरकार ने वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। सरकार के इस फैसले से जोधपुर और नागौर जिला सीमा के आसपास बसे दर्जनों गांवों के ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

गड्ढों में तब्दील हो चुकी थी सड़क, सफर बना था आफत दरअसल, सोयला से खुडाला को जोड़ने वाला यह मुख्य मार्ग पिछले कई वर्षों से अत्यंत खस्ताहाल स्थिति में था। डामर उखड़ जाने के कारण सड़क जगह-जगह बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढों में तब्दील हो चुकी थी। इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों को न केवल हिचकोले खाते हुए जोखिमभरा सफर तय करना पड़ता था, बल्कि सामान्य से दोगुना समय भी बर्बाद होता था। आए दिन वाहनों के खराब होने और दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता था।

भाजपा कार्यकर्ता तेजाराम सियाग ने मजबूती से उठाई थी आवाज क्षेत्रवासियों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता तेजाराम सियाग ने ग्रामीणों की मांग को राज्य सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए इस संपर्क मार्ग के त्वरित सुदृढ़ीकरण की पुरजोर वकालत की। मांग पर संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार ने सड़क के पुनर्निर्माण हेतु संबंधित विभाग को आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

ग्रामीणों ने जताया डिप्टी सीएम दिया कुमारी का आभार सड़क पुनर्निर्माण की स्वीकृति जारी होने पर सोयला व आसपास के ग्रामीणों ने राज्य सरकार, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं भाजपा नेता तेजाराम सियाग का आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण कार्य पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा, जिससे जोधपुर और नागौर सीमा के बीच व्यापारिक व सामाजिक आवाजाही को भी नई गति मिलेगी।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................