लवेरा में उमड़ा आस्था का सैलाब: संतों के सानिध्य में गूंजी शिव पुराण की कथा, सजीव विवाह दृश्य देख भावविभोर हुए श्रद्धालु
लवेरा गौरक्ष धूणा में शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ की धूम: शिव-पार्वती विवाह प्रसंग पर झूमे श्रद्धालु, सजीव झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
मिश्रीलाल लखारा (बावड़ी/जोधपुर)
बावड़ी/लवेरा। बावड़ी उपखंड क्षेत्र के लवेरा स्थित मायावती पर्वतमाला गौरक्ष धूणा में आयोजित हो रहे शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ से पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर हो गया है। गौरक्ष धूणा के महंत बालकनाथ महाराज एवं महंत भंवर गिरी मोनी बाबा के पावन सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
शिव-पार्वती विवाह प्रसंग पर झूमे श्रद्धालु गौरक्ष धूणा से जुड़े कार्यकर्ता धर्माराम ने बताया कि कथा वाचक पूज्य निलेश गिरी महाराज ने शिव-पार्वती विवाह का प्रसंग अत्यंत ही भावपूर्ण एवं रोचकमय ढंग से सुनाया। कथा के दौरान जैसे ही भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह की सुंदर एवं सजीव झांकी प्रस्तुत की गई, पूरा पांडाल 'हर-हर महादेव' और 'जय श्री राम' के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
झांकी दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं एवं ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर खुशी जताई और भजनों पर झूमते नजर आए।
दर्जनों गांवों से उमड़ी अपार जनमेदिनी शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ में लवेरा सहित धनारी, सोयला, हरिओम नगर, कजनऊ, नांदिया, खेड़ापा, ढढोरा, चटालिया, छीन्डीया और मोरनावडा सहित कई गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। आयोजन स्थल पर कई संत-महंतों की गरिमामयी उपस्थिति और अपार जनमेदिनी के चलते पूरे लवेरा क्षेत्र में एक अभूतपूर्व धार्मिक व उत्साहजनक माहौल बना हुआ है।

