पचलंगी पीएचसी में नर्सिंग स्टाफ की मनमानी: स्वीपर से करवाई जा रही थी मरीजों की पट्टी, फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
बीसीएमओ को सौंपा ज्ञापन; दोषी स्टाफ को एपीओ करने और स्वीपर की सेवाएं समाप्त करने की दी चेतावनी
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) उपखंड क्षेत्र के पचलंगी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में व्याप्त अव्यवस्थाओं और नर्सिंग स्टाफ की घोर लापरवाही के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। अस्पताल परिसर में उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब नर्सिंग स्टाफ की मौजूदगी के बावजूद एक स्वीपर मरीजों के घावों पर पट्टी करता पाया गया।
ग्रामीणों ने अस्पताल में चल रही इस मनमानी पर कड़ा एतराज जताया, लेकिन मौके पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ इस बात का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। स्थिति तनावपूर्ण होते देख उदयपुरवाटी बीसीएमओ डॉ. मुकेश भूपेश तुरंत मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने बीसीएमओ को झुंझुनूं सीएमएचओ के नाम ज्ञापन सौंपकर अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना था कि अस्पताल में लंबे समय से अव्यवस्थाएं हावी हैं, पूर्व में शिकायतें करने के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीसीएमओ डॉ. मुकेश भूपेश ने स्टाफ को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में स्वीपर से चिकित्सीय कार्य करवाया गया, तो उसकी सेवाएं तत्काल समाप्त कर दी जाएंगी। साथ ही लापरवाह नर्सिंग कर्मियों को नोटिस थमाने व सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ज्ञापन सौंपने और विरोध दर्ज कराने वालों में करण सिंह जीतरवाल, दीनदयाल शर्मा, संतूराम, सीताराम सैनी, बंशीधर, विनोद, पप्पू राम, राकेश, प्रहलाद शर्मा, छोटेलाल, संजय कुमार, सांवरमल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
डॉ. मुकेश भूपेश, बीसीएमओ, उदयपुरवाटी का कहना है कि: "पचलंगी पीएचसी पर अव्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों के विरोध की सूचना पर मैंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर स्टाफ की बैठक ली गई है। हठधर्मिता और लापरवाही बरतने वाले दोषी कर्मचारियों को यहां से जल्द एपीओ (APO) किया जाएगा और उच्चाधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा।"

