गायत्री महायज्ञ से किया चैत्र नवरात्रि एवं भारतीय नव वर्ष का शुभारंभ

उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) अखिल विश्व गायत्री परिवार की स्थानीय शाखा के तत्वाधान एवं बजरंग लाल सोनी के आचार्यत्व तथा विश्वास कुमार तंवर एवं रामदेवी के यजमानत्व में स्थानीय गायत्री प्रज्ञापीठ भूरी कुड़ी में घट स्थापना के साथ हुए गायत्री महामंत्र के लघु अनुष्ठान के मंत्र जाप पश्चात गायत्री यज्ञ का आयोजन किया गया। जिसमें देश की खुशहाली एवं विश्व शांति की भावना के साथ उपस्थित ने गायत्री महामंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ यज्ञ में आहुतियां अर्पित की।
गायत्री परिवार के इस लघु अनुष्ठान के बारे में प्राप्त जानकारी के अनुसार इसमें रोजाना 3000 गायत्री मंत्र का जाप किया जा रहा है तथा इस लघु अनुष्ठान की पूर्ण आहुति 6 अप्रैल रामनवमी को कन्या पूजन एवं गायत्री महायज्ञ से की जाएगी। गायत्री यज्ञ में हरिद्वार से मंगवाई गई विशेष आयुर्वेदिक औषधि युक्त हवन सामग्री उपयोग में ली जा रही है। भारतीय नूतन वर्ष के शुभारंभ में हुए इस आयोजन में सर्वोदय कार्यकर्ता बद्री प्रसाद तंवर,सावित्री देवी, विश्वास कुमार तंवर ,रामा देवी ,मदनलाल सैनी, रतनलाल टांक, ममता टांक,आशीष तंवर एवं कुमारी वेदिका सहित कई लोग उपस्थित थे।






