उदयपुरवाटी की लाडली मीनाक्षी विश्वास ने जीता 'मिसेज राजस्थान 2026' रनर-अप का खिताब, क्षेत्र में खुशी की लहर
उदयपुरवाटी (झुंझुनूं/सुमेर सिंह राव) कस्बे के कुआ सावनहाला निवासी डॉ. तपन कुमार विश्वास की होनहार पुत्री मीनाक्षी विश्वास ने जयपुर में आयोजित प्रतिष्ठित 'मिसेज राजस्थान 2026' सौंदर्य प्रतियोगिता में उप-विजेता (रनर-अप) का खिताब जीतकर न केवल अपने माता-पिता, बल्कि पूरे उदयपुरवाटी क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मीनाक्षी ने मुख्य खिताब के साथ-साथ 'रेडिएंट स्किन 2026' (Radiant Skin 2026) का सब-टाइटल भी अपने नाम किया।
- 1700 प्रतिभागियों को पछाड़कर बनाई टॉप-5 में जगह
इस प्रतियोगिता का सफर बेहद कड़ा था। पूरे राज्य से लगभग 1700 महिलाओं ने ऑडिशन दिया था। मीनाक्षी ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर टॉप 24 फाइनलिस्ट में अपनी जगह पक्की की। जयपुर के होटल हेईवा हेवन रिसोर्ट में आयोजित भव्य ग्रैंड फिनाले में मीनाक्षी ने अपने शानदार रैंप वॉक, टैलेंट और बेहतरीन पर्सनालिटी से निर्णायकों (जजेस) को मंत्रमुग्ध कर दिया और टॉप-5 में जगह बनाते हुए रनर-अप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
- मुंबई के संघर्ष के बाद 'मिसेज राजस्थान' ने दिलाई नई पहचान
मीनाक्षी का हमेशा से फैशन और ग्लैमर इंडस्ट्री में नाम कमाने का सपना था। उन्होंने इसके लिए माया नगरी मुंबई का रुख भी किया था, जहाँ उन्होंने कई फिल्मों और सीरियल्स में काम किया, लेकिन जिस बड़ी पहचान की उन्हें तलाश थी, वो साल 2026 में 'मिसेज राजस्थान' के मंच ने उन्हें दिलाई।
भव्य आयोजन: इस नामचीन ब्यूटी पेजेंट का आयोजन फ्यूज़न ग्रुप द्वारा किया गया था, जिसके ऑर्गनाइज़र योगेश मिश्रा और निमिशा मिश्रा हैं।
मीनाक्षी की इस ऐतिहासिक सफलता पर उनके पिता डॉ. तपन विश्वास के दोस्त मूलचंद सैनी सहित परिवारजनों, शुभचिंतकों और कस्बेवासियों ने खुशी जाहिर की है। उदयपुरवाटी में बेटी की इस उपलब्धि पर जश्न का माहौल है और सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।


