आदर्श कला मंडल ने विधि-विधान से किया बल्ली पूजन, रामलीला मंचन की तैयारियां शुरू; कलाकारों व नागरिकों में उत्साह
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/ कमलेश जैन)। कस्बे की पुरानी सब्जी मंडी स्थित मंच परिसर में श्री आदर्श कला मंडल के तत्वावधान में पारंपरिक रामलीला मंचन की तैयारियों का आगाज विधि-विधानपूर्वक बल्ली पूजन के साथ हुआ। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कस्बे की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को सहेजते हुए कला मंडल द्वारा भव्य रामलीला का मंचन किया जाएगा।
आदर्श कला मंडल के अध्यक्ष रवि शर्मा ने बताया कि बल्ली पूजन रामलीला मंच व शामियाने के निर्माण की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक है। इसके तहत मंच और टेंट निर्माण में प्रयुक्त होने वाली प्रथम लकड़ी (बल्ली) की विधिवत पूजा-अर्चना की जाती है। मंचन की अवधि में किसी प्रकार का व्यवधान अथवा अनहोनी न हो, इसके लिए मंच स्थल पर विघ्नहर्ता भगवान श्रीगणेश, मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम और संकटमोचन हनुमान जी की विशेष आराधना की गई।
पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि शुद्धिकरण किया गया। तत्पश्चात रोली, अक्षत, पुष्प, नैवेद्य और फल अर्पित कर बल्ली पूजन संपन्न हुआ एवं मंच स्थल पर विधिवत धर्म ध्वज स्थापित किया गया।
इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्री आदर्श कला मंडल के पदाधिकारी, रामलीला के स्थानीय पात्र-कलाकार, समाजसेवी और कस्बे के प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बल्ली पूजन के साथ ही कलाकारों ने मंचन के अभ्यास और भव्य मंच सज्जा की तैयारियां तेज कर दी हैं।

