पचलंगी में गांधी जयंती पर सजेगा कुश्ती दंगल: महिला व पुरुष पहलवान दिखाएंगे दांव-पेंच, मातेश्वरी प्राकृतिक अखाड़े में जेसीबी से हुई सफाई
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) उपखंड क्षेत्र के पचलंगी गांव में आगामी 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले पारंपरिक मेले एवं भव्य कुश्ती दंगल की तैयारियां परवान पर हैं। आयोजन को लेकर गुरुवार को मातेश्वरी प्राकृतिक अखाड़े का समतलीकरण और जेसीबी मशीन से साफ-सफाई का कार्य युद्धस्तर पर करवाया गया।
सफाई अभियान मेला कमेटी अध्यक्ष मदनलाल भावरिया के नेतृत्व में संपन्न हुआ। मेला कमेटी अध्यक्ष भावरिया ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाले कुश्ती दंगल में देश-प्रदेश के ख्यातिप्राप्त महिला एवं पुरुष पहलवान भाग लेंगे और अपने दांव-पेंचों का जौहर दिखाएंगे। मेले को भव्य और व्यवस्थित रूप देने के लिए कमेटी के सदस्य सक्रियता से जुटे हुए हैं।
इस दौरान मेला कमेटी अध्यक्ष मदनलाल भावरिया, कैलाश सैनी, बलराम, महेंद्र तेतरवाल, हनुमान यादव सहित कई ग्रामीण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

