राजगढ़ में भव्य संयोजक स्तरीय संत समागम आयोजित: बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालु, सतगुरु के वचनों का लिया आनंद
राजगढ़ के सत्संग भवन में संयोजक स्तरीय संत समागम संपन्न; अलवर सहित आसपास की शाखाओं से पहुंचे श्रद्धालु, सतगुरु के आशीर्वाद से हुआ आध्यात्मिक वातावरण
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता
राजगढ़ स्थित सत्संग भवन में संयोजक स्तरीय संत समागम का भव्य आयोजन किया गया। इस समागम में अलवर जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों की विभिन्न शाखाओं से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने भाग लिया और सत्संग का आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।
"सतगुरु दिखाते हैं संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग"
समागम के अवसर पर मुख्य वक्ता भंवर सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सतगुरु समस्त मानवता के कल्याण और आपसी एकता की राह दिखाते हैं। सत्संग, सेवा और सुमिरन ही ऐसे माध्यम हैं जो मनुष्य के जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। इनसे व्यक्ति में प्रेम, नम्रता, आदर और करुणा जैसे उच्च मानवीय गुणों का विकास होता है।
उन्होंने आगे कहा, "मानव जीवन केवल स्वार्थ पूर्ति या अपने लिए जीने के लिए नहीं मिला है, बल्कि दूसरों के सुख-दुख में सहभागी बनने और निस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा करने के लिए मिला है। एक सच्चा गुरसिख कभी भी जाति, धर्म, ऊंच-नीच या अमीर-गरीब का भेद नहीं करता; वह हर इंसान में परमात्मा का स्वरूप देखता है और सतगुरु के हुक्म का पालन करते हुए एक नेक जीवन जीने का प्रयास करता है।"
आध्यात्मिक वातावरण में झूम उठे श्रद्धालु
समागम के दौरान भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने सत्संग के भजनों व वचनों का आनंद लेते हुए सतगुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों ने सेवा, सुमिरन और निस्वार्थ मानवता के मार्ग पर निरंतर चलने की प्रेरणा ली।

