खैरथल-तिजारा में धूमधाम से मनाया गया विश्व फार्मासिस्ट दिवस; पोस्टर विमोचन, पौधारोपण के साथ मरीजों व जरूरतमंदों को बांटे फल
सेवा और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया गया विश्व फार्मासिस्ट दिवस: खैरथल में पोस्टर विमोचन, पौधारोपण, फल वितरण व अन्नपूर्णा भोजन सेवा का हुआ आयोजन
खैरथल (अलवर) हीरालाल भूरानी
राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ (एकीकृत) जिला खैरथल-तिजारा द्वारा शुक्रवार को 'विश्व फार्मासिस्ट दिवस' विभिन्न सेवा कार्यों एवं सामाजिक कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया गया।
पोस्टर विमोचन के साथ हुई शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अरविंद गेट द्वारा विश्व फार्मासिस्ट दिवस के पोस्टर विमोचन के साथ हुआ। इस अवसर पर उन्होंने सभी फार्मासिस्टों को बधाई देते हुए कहा कि फार्मासिस्ट चिकित्सा विभाग के मजबूत स्तंभ हैं, जो प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और मरीजों को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पौधारोपण और मरीजों को फल वितरण
तत्पश्चात उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूर्ण मल मीणा, सहायक औषधि नियंत्रक नरोत्तम बारोटिया एवं प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (PMO) डॉ. नितिन शर्मा के सानिध्य में अस्पताल परिसर में पौधारोपण किया गया। इसके साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।
कच्ची बस्ती में फल व अन्नपूर्णा रसोई में कराया भोजन
सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाते हुए संघ की कार्यकारिणी द्वारा बुढ़ावाली स्थित कच्ची बस्ती में पहुंचकर लोगों को फल वितरित किए गए। इसके बाद अन्नपूर्णा रसोई योजना के तहत जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क भोजन कराया गया। इस दौरान फार्मासिस्टों ने कहा कि यह दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि मरीजों की सेवा, सुरक्षित दवा प्रबंधन और जनस्वास्थ्य के प्रति अपनी जिम्मेदारी को दोहराने का अवसर है।
इस अवसर पर राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ (एकीकृत) के धीरज यादव, रोहित खंडेलवाल, राहुल सैनी, करण कौशिक, मनीष शर्मा, राजेश सैनी, रोहित यादव, आदित्य यादव, जितेंद्र यादव, कुलदीप, रणजीत, कमल यादव, योगेश अग्रवाल और अनुज यादव सहित कई साथी उपस्थित रहे।

