विकसित भारत जन सेवा अभियान: 'आंगन मिलन' कार्यक्रम में जिला कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित, कार्यों की सराहा
विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत 'आंगन मिलन' कार्यक्रम आयोजित: जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित
खैरथल (अलवर) हीरालाल भूरानी
'विकसित भारत जन सेवा अभियान' के तहत जिले में 'आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम' का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनके कार्यों, विभागीय योजनाओं की प्रगति, जमीनी समस्याओं और सुझावों को विस्तार से सुना।
900 से अधिक कार्यकर्ताओं के कंधों पर बच्चों के पोषण की जिम्मेदारी
संवाद के दौरान जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने कहा कि जिले में 900 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कार्यरत हैं, जो हजारों बच्चों के पोषण और सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि 0 से 6 वर्ष की आयु बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण होती है। इस उम्र में बच्चों की प्रॉपर ग्रोथ और पोषण के लिए कार्यकर्ताओं का समर्पित सहयोग बेहद जरूरी है।
डिजिटल व्यवस्था में जिले ने बनाई अग्रणी पहचान
कलेक्टर ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली अब ऑफलाइन से ऑनलाइन व्यवस्था की ओर तेजी से बदली है। नई डिजिटल प्रणाली को अपनाने में जिले ने राज्य स्तर पर बेहतर प्रगति करते हुए अग्रणी स्थान बनाया है, जिसका श्रेय कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों को जाता है।
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मिला सम्मान
विभागीय कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को जिला कलेक्टर द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए आह्वान किया कि वे बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्राथमिक शिक्षा पर विशेष ध्यान दें, क्योंकि आज का मजबूत आधार ही उनके सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेगा।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ऐश्वर्यम प्रजापत, महिला एवं बाल विकास अधिकारी सतपाल सहित विभाग के कई कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

