जल जीवन मिशन के कार्यों में लाएं तेजी; जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में हुई जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक

Sep 29, 2026 - 18:25
 0
जल जीवन मिशन के कार्यों में लाएं तेजी; जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में हुई जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक

खैरथल (हीरालाल भूरानी)

जिला सचिवालय खैरथल-तिजारा में मंगलवार को जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जल जीवन मिशन (JJM) और अन्य पेयजल योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

नल कनेक्शन बढ़ाने और समयबद्ध कार्य के निर्देश

बैठक के दौरान जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने अधिकारियों को जल जीवन मिशन के तहत एफएचटीसी (Functional Household Tap Connection) की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी माह के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करते हुए उन्हें अगली बैठक से पहले हर हाल में पूरा करने को कहा। साथ ही, जल जीवन मिशन के वित्तीय क्लोज की प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूरा करने और 'सुजलाम भारत ऐप' पर जियोटैगिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित विद्युत कनेक्शनों के मामलों का जल्द से जल्द निपटारा करें, ताकि पेयजल योजनाओं के संचालन में कोई बाधा न आए।

प्रगति रिपोर्ट: 502 गाँवों के लिए जारी हुए कार्यादेश

अधीक्षण अभियंता धर्मवीर सिंह ने बैठक में प्रगति रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि जिले में जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत कुल 548 गाँवों में से 502 गाँवों के लिए कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं, जिनके तहत 1,27,675 लक्ष्यित कनेक्शनों के मुकाबले अब तक 92,784 जल कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। स्वीकृत गाँवों में से 46 गाँव नॉन-फिजिबल या शहरी क्षेत्र में होने के कारण उनकी निविदा प्रक्रिया नहीं की जा सकती है।

अधीक्षण अभियंता ने आगे बताया कि:

  • 322 गाँवों की योजनाओं में 100 प्रतिशत जल कनेक्शन का कार्य पूरा किया जा चुका है।

  • 106 गाँवों की योजनाओं का 'हर घर जल प्रमाण पत्र' प्राप्त किया जा चुका है।

  • भौतिक रूप से पूर्ण हुए 353 गाँवों में से 322 गाँवों की 'हर घर जल' रिपोर्ट और 106 गाँवों को 'हर घर जल' प्रमाणित ऑनलाइन किया जा चुका है, और इन 106 गाँवों की योजनाएँ संबंधित ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की जा चुकी हैं।

कलेक्टर ने इन आँकड़ों की समीक्षा करते हुए कार्य की गति को और अधिक बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, 'अमृत 2.0' के अंतर्गत टपूकड़ा शहरी योजना और 'एनसीआर परियोजना' के तहत खैरथल शहर में चल रहे कार्यों की प्रगति की भी जानकारी दी गई। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................