कठूमर सरकारी अस्पताल के समय में बदलाव: अब सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक मिलेंगी चिकित्सा सेवाएं
कठूमर (दिनेश लेखी)
मौसम में हो रहे बदलाव और क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे मौसमी बीमारियों के मामलों के मद्देनजर कठूमर के सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के संचालन समय में परिवर्तन किया गया है। नया समय 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगा।
अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, अब सीएचसी में मरीजों को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक नियमित चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी। वहीं, सरकारी अवकाश के दिनों में अस्पताल सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक खुला रहेगा ताकि आपात स्थिति में मरीजों को परेशानी न हो।
बढ़ती भीड़ को देखते हुए लिया गया निर्णय
सीएचसी प्रभारी डॉ. जवाहर सैनी ने बताया कि अलवर सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत के दिशा-निर्देशों के तहत अस्पताल के समय में यह बदलाव किया गया है। इन दिनों मौसम के मिजाज बदलने से क्षेत्र में सर्दी-जुकाम, बुखार, खांसी और अन्य मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है, जिसके चलते अस्पताल में मरीजों की भीड़ भी बढ़ रही है। इसे ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रशासन ने मरीजों की सुविधा के लिए यह व्यवस्था सुनिश्चित की है।
सीएचसी प्रशासन ने आमजन और मरीजों से अपील की है कि वे बेहतर चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाने के लिए निर्धारित नए समय के अनुसार ही अस्पताल पहुंचें।

