पंचायती राज चुनाव-2026: हर चरण में बनेगा आदर्श मतदान केन्द्र, 5 अक्टूबर तक मांगे गए प्रस्ताव
पाली (बरकत खान) जिले में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को निष्पक्ष, सुगम और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से जिले के प्रत्येक चुनाव चरण में एक आदर्श मतदान केन्द्र (मॉडल पोलिंग स्टेशन) स्थापित किया जाएगा। जिला निर्वाचन कार्यालय ने इसके लिए उपयुक्त केन्द्रों का चयन कर 5 अक्टूबर 2026 तक प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए हैं।
- आयोग के मापदंडों पर होगा चयन
राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, चुनाव के हर चरण में जिले की किसी एक पंचायत समिति में मॉडल पोलिंग स्टेशन बनाया जाना प्रस्तावित है। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और उपखंड अधिकारियों (एसडीएम) को अपने-अपने क्षेत्र में मापदंडों के अनुरूप सर्वश्रेष्ठ मतदान केन्द्र का चयन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारियों को निर्धारित प्रारूप में तय समय-सीमा के भीतर यह प्रस्ताव जिला मुख्यालय भेजना अनिवार्य होगा।
- इन उपखंडों व पंचायत समितियों में शुरू हुई प्रक्रिया
आदर्श मतदान केन्द्र के चयन और व्यवस्थाओं को लेकर सोजत, बगड़ी, पाली, रानी खुर्द, मारवाड़ जंक्शन, देसूरी, बाली, सुमेरपुर तथा रोहट क्षेत्र के संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्रस्तावों को स्वीकृति मिलने के बाद चयनित मतदान केन्द्रों पर आयोग के मानकों के अनुरूप पेयजल, छाया, रैंप, बैठने की व्यवस्था, मतदाता सहायता डेस्क और अन्य सभी बुनियादी सुविधाएं चाक-चौबंद की जाएंगी।

