कठूमर में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
कठूमर (दिनेश लेखी) अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर की ओर से दो स्थानों पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश उदय सिंह अलोरिया के नेतृत्व में हुए।
राजकीय आदर्श सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कठूमर में आयोजित शिविर में सीएचसी प्रभारी डॉ.जवाहर सैनी एवं अधिकार मित्र योगेश चौहान ने वरिष्ठ नागरिकों को नालसा की वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी सेवाएं योजना, 2016 सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। शिविर में करीब 70 लाभार्थियों को विधिक सेवाओं से संबंधित जानकारी प्रदान की गई।
बार रूम में बताए वरिष्ठ नागरिकों के कानूनी अधिकार
कठूमर बार रूम में आयोजित दूसरे शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, सम्मानजनक जीवन, सुरक्षा एवं निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जागरूक किया गया। अधिवक्ताओं ने वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में खेरली बार संघ अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरुका, कठूमर बार से अधिवक्ता राधावल्लभ शर्मा, ओमवीर सिंह, भीम सिंह, बलवीर सिंह, सत्येंद्र सिंह, पुष्पेंद्र सिंह एवं कृपाशंकर शर्मा तथा तालुका विधिक सेवा समिति से पीएलवी वीरेंद्र कुमार नूंगरवार एवं अनुजा शर्मा उपस्थित रहे।
अधिवक्ताओं ने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007, भरण-पोषण के अधिकार, संपत्ति एवं उत्तराधिकार संबंधी अधिकार, पेंशन व कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं तथा वृद्धजनों के साथ दुर्व्यवहार, उपेक्षा एवं परित्याग की स्थिति में उपलब्ध कानूनी उपायों की जानकारी दी। साथ ही निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी मार्गदर्शन किया गया।

