अल्फा कैरियर इंस्टीट्यूट में विद्यार्थियों ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) कस्बे में चुंगी नंबर 3 के पास स्थित 'कुआं गौडजीहाला' परिसर में संचालित अल्फा कैरियर इंस्टीट्यूट में गुरुवार को पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्थान के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे रोपे और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम संस्थान के निदेशक सुनील कुमार सैनी (सोनू सर) की देखरेख में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए निदेशक सुनील कुमार सैनी ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पेड़-पौधे अत्यंत आवश्यक हैं। आज के समय में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर पौधारोपण करना चाहिए। उन्होंने कहा, "हम सभी को अधिक से अधिक पेड़ लगाकर अपनी धरती का शृंगार करना चाहिए और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरित व सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना चाहिए।"
इस दौरान क्रिएटिव प्ले स्कूल की वरिष्ठ निर्देशिका सुश्री नेहा सैनी, सुश्री अंतिमा सैनी, सुनील कुमार सैनी तथा महेंद्र कुमार स्वामी (शास्त्री) सहित संस्थान का समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में रोपे गए पौधों के संरक्षण और नियमित जल देने की जिम्मेदारी भी विद्यार्थियों व स्टाफ ने ली।

