श्रद्धा से मना अनंत चतुर्दशी पर्व, श्रद्धालुओं ने धारण किया 14 गांठों वाला अनंत डोरा

Sep 26, 2026 - 18:06
 0
श्रद्धा से मना अनंत चतुर्दशी पर्व, श्रद्धालुओं ने धारण किया 14 गांठों वाला अनंत डोरा

बावड़ी, जोधपुर (मिश्रीलाल लखारा) 

बावड़ी  कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक विधि-विधान के साथ धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही मंदिरों और घरों में पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने निष्ठापूर्वक व्रत रखकर भगवान अनंत स्वरूप श्रीहरि विष्णु की आराधना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और मंगलमय जीवन की कामना की।
स्थानीय साधक बाबुराम सियाग और पपुराम सियाग के यहां पूजा स्थल पर पंडित रूपचंद उपाध्याय ने श्रद्धालुओं को अनंत चतुर्दशी व्रत की पौराणिक कथा सुनाई। उन्होंने बताया कि अनंत डोरे की 14 गांठें 14 लोकों का प्रतीक मानी जाती हैं और यह व्रत भगवान विष्णु की अनंत कृपा, धैर्य, समृद्धि तथा संकटों से रक्षा का संदेश देता है। कथा के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने भक्तिभाव से श्रवण किया।
कथा के उपरांत श्रद्धालुओं ने धूप, दीप, गंध, पुष्प, फल एवं नैवेद्य अर्पित कर विधिवत पूजा संपन्न की। इसके बाद सभी ने धार्मिक परंपरा के अनुसार 14 गांठों वाला पवित्र अनंत डोरा (अनंत सूत्र) धारण किया। पुरुषों ने दाहिने हाथ में तथा महिलाओं ने बाएं हाथ में अनंत डोरा बांधकर भगवान अनंत से परिवार की खुशहाली और रक्षा का आशीर्वाद मांगा।
अनंत चतुर्दशी को लेकर खेड़ापा के मंदिरों और घरों में दिनभर भक्ति का वातावरण बना रहा। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। लोगों ने अपने से बड़ों का आशीर्वाद लिया तथा विधि-विधान से व्रत का पारण कर पर्व का समापन किया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और आस्था के साथ अनंत चतुर्दशी का पर्व मनाया।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................