राजगढ़ में मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ा: नगर पालिका प्रशासन से कस्बे में शीघ्र फॉगिंग कराने और खरपतवार हटाने की उठी पुरजोर मांग
राजगढ़: कस्बे में फॉगिंग कराने और खरपतवार हटाने की उठी मांग, शीघ्र कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
राजगढ़ (अलवर) अनिल कुमार गुप्ता
नगर पालिका प्रशासन की लचर कार्यशैली के चलते राजगढ़ कस्बे में मौसमी बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है। इसको लेकर स्थानीय नागरिकों और पार्षदों में रोष व्याप्त है। पालिका प्रशासन से मांग की जा रही है कि कस्बे में व्यापक स्तर पर फॉगिंग कराई जाए और सड़कों के दोनों ओर उग रही खरपतवार को टीम बनाकर तत्काल हटवाया जाए।
मच्छरों के प्रकोप से बढ़ रही मौसमी बीमारियां
पार्षद अनिल गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सितंबर और अक्टूबर माह के दौरान अमूमन नगर पालिका की ओर से हर वार्ड में व्यापक स्तर पर फॉगिंग का कार्य कराया जाता रहा है, ताकि मच्छरों के प्रकोप को रोका जा सके। लेकिन इस बार नगर पालिका द्वारा न तो फॉगिंग कराई गई है और न ही सड़कों के किनारे फैली झाड़ियों व खरपतवार की कटाई की गई है। इसके परिणामस्वरूप कस्बे में मच्छरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और लोग मौसमी जनित बीमारियों की चपेट में आकर बीमार हो रहे हैं।
शीघ्र कार्रवाई न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी
कस्बेवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से चेताया है कि यदि जल्द से जल्द शहर में फॉगिंग और साफ-सफाई का अभियान नहीं चलाया गया, तो मजबूरन आमजन को साथ लेकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है।

