भरतपुर :तृतीय एवं चतुर्थ चरण की निर्धारित तिथियों पर संबंधित क्षेत्रों में सूखा दिवस घोषित
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 31 अक्टूबर। राज्य निर्वाचन आयोग जयपुर द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भरतपुर जिले की समस्त पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव माह नवम्बर में तृतीय एवं चतुर्थ चरण में सम्पन्न कराए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने बताया कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों तथा पंच एवं सरपंच पदों के चुनाव के मद्देनजर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों एवं उनके 5 किलोमीटर परिधीय क्षेत्र में निर्धारित तिथियों को सूखा दिवस घोषित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के तृतीय चरण में नदबई, वैर, भुसावर एवं बयाना क्षेत्रों तथा इनके 5 किलोमीटर परिधीय क्षेत्र में 01 नवम्बर को सायं 6 बजे से 03 नवम्बर को सायं 6 बजे तक तथा चतुर्थ चरण में सेवर, उच्चैन एवं रूपवास क्षेत्रों तथा इनके 5 किलोमीटर परिधीय क्षेत्र में 12 नवम्बर को सायं 6 बजे से 14 नवम्बर को सायं 6 बजे तक सूखा दिवस रहेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इसी प्रकार पंच एवं सरपंच पदों के चुनाव के तृतीय चरण में नदबई, वैर, भुसावर एवं बयाना क्षेत्रों तथा इनके 5 किलोमीटर परिधीय क्षेत्र में 3 नवम्बर को सायं 6 बजे से 5 नवम्बर को मतगणना समाप्ति तक तथा चतुर्थ चरण में सेवर, उच्चैन एवं रूपवास क्षेत्रों तथा इनके 5 किलोमीटर परिधीय क्षेत्र में 14 नवम्बर को सायं 6 बजे से 16 नवम्बर को मतदान समाप्ति तक सूखा दिवस घोषित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के मतों की गणना के लिए निर्धारित तिथि 20 नवम्बर को भी संबंधित पंचायत क्षेत्रों में सूखा दिवस रहेगा।

