भरतपुर :मतदान दिवस पर रहेगा सार्वजनिक अवकाश, कामगारों को मिलेगा सवैंतनिक अवकाश
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 31 अक्टूबर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के तहत भरतपुर जिले में तृतीय एवं चतुर्थ चरण का चुनाव कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने बताया कि तृतीय चरण में नदबई, वैर, भुसावर एवं बयाना पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 3 नवम्बर तथा पंच-सरपंच पद के लिए 5 नवम्बर को मतदान होगा। इसी प्रकार चतुर्थ चरण में सेवर, उच्चैन एवं रूपवास पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 14 नवम्बर तथा पंच-सरपंच पद के लिए 16 नवम्बर को मतदान कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग एवं वित्त विभाग के आदेशों के तहत संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित कार्यालयों में मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। पुनर्मतदान की स्थिति में संबंधित मतदान क्षेत्र में पुनर्मतदान दिवस पर भी अवकाश रहेगा। साथ ही श्रम विभाग के आदेशानुसार संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित औद्योगिक एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत सभी कामगारों, आकस्मिक कामगारों सहित, को मतदान दिवस पर सवैंतनिक अवकाश देय होगा, ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

