भरतपुर में चतुर्थ चरण के चुनावों की समीक्षा बैठक; संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने और अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात करने के आदेश
भरतपुर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय : पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत चतुर्थ चरण के मतदान को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक मतदाता भयमुक्त वातावरण में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का उपयोग कर सके, इसके लिए निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी पारदर्शिता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदान एवं मतगणना से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, प्रकाश, शौचालय, साफ-सफाई और रैम्प जैसी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएं। इसके अलावा, मतदान दलों के समय पर गंतव्य तक पहुंचने, ठहरने और पर्याप्त सुरक्षा जाब्ता तैनात करने के भी निर्देश दिए गए।
संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत देते हुए उन्होंने कहा कि एरिया और सेक्टर मजिस्ट्रेट नियमित रूप से अपने क्षेत्रों का भ्रमण करें। ईवीएम की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था और मतगणना कार्मिकों को उचित प्रशिक्षण देने के भी निर्देश दिए गए।
नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने और सीमावर्ती क्षेत्रों में पैनी नजर के आदेश
आयुक्त ने जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष को पूरी तरह सक्रिय और मुस्तैद रखने को कहा, ताकि सुरक्षा व कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना मिलते ही तुरंत अतिरिक्त जाब्ता भेजा जा सके। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने और किसी भी अवांछित घटना पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन के नवाचारों की सराहना
बैठक के दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त ने जिला प्रशासन द्वारा मतदाता जागरूकता के लिए किए गए विभिन्न नवाचारों की जमकर सराहना की। उन्होंने मतदान केंद्रों पर होमगार्ड, पुलिसकर्मी, महिला कांस्टेबलों की नियुक्ति तथा वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं की सहायता के लिए स्काउट-गाइड के प्रतिनिधियों को तैनात करने की पहल को सराहा। साथ ही, चतुर्थ चरण में बनाए गए 09 आदर्श मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए भविष्य के लिए एक पुस्तिका तैयार करने का सुझाव दिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी
जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने चतुर्थ चरण की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित 3 पंचायत समितियों के लिए मतदान दल रवाना किए जा चुके हैं। उन्होंने मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती और कार्मिकों के प्रशिक्षण के बारे में विस्तार से बताया।
पुलिस अधीक्षक राजेश मीना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का ब्यौरा देते हुए कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और अवांछित गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
बैठक में पर्यवेक्षक राजेन्द्र वर्मा, बीडीए आयुक्त कनिष्क कटारिया, सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह, उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजीव शर्मा, ओएसडी निर्वाचन भानू शर्मा और आईएएस प्रशिक्षु आलोक सिंह सहित तमाम संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

