न्याणा में विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित: प्रांत प्रचारक बाबुलाल बोले- सनातन संस्कृति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं
अलवर जिले के गोविंदगढ़ उपखण्ड के न्याणा गांव में सकल हिंदू समाज की ओर से एक विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन का उद्देश्य हिंदू जागरण को नई ऊर्जा और चेतना प्रदान करना था।
यह कार्यक्रम बाबा बालक दास के सानिध्य में हुआ। इसमें आरएसएस के प्रांत प्रचारक बाबूलाल, अमेरिका से रमेश गुप्ता और रेणु गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। ग्रामीणों के साथ-साथ कई साधु-संतों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, श्रद्धालुओं और सनातन धर्म प्रेमियों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया।
बाबा बालक दास ने कहा कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना से ही राष्ट्र सशक्त बन सकता है। उन्होंने जोर दिया कि हिंदू समाज के संगठित होने पर ही संतति और संपत्ति दोनों सुरक्षित रहेंगी, और आने वाली पीढ़ी में सनातन के प्रति आस्था जगाना समय की मांग है। सम्मेलन का उद्देश्य केवल भीड़ जुटाना नहीं, बल्कि हिंदू समाज में संगठन और एकजुटता की भावना को मजबूत करना है।
आरएसएस के प्रांत प्रचारक बाबूलाल ने कहा कि वर्तमान में हिंदू अभियानों से समाज में नई जागृति और चेतना आई है। बाबूलाल ने बताया कि सनातन संस्कृति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक पद्धति है जो समाज को जोड़ने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे विशाल हिंदू सम्मेलनों का आयोजन सर्व हिंदू सनातन संस्कृति, धर्म और सामाजिक एकता के प्रतीक के रूप में किया जा रहा है।