नए बजट में डीग में जिला चिकित्सालय खुलवाना और दी किले के खाई की सफाई कराकर सुरक्षा दीवाल का निर्माण मेरी प्राथमिकत- डॉ शैलेश सिंह
डीग में विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन में विधायक और जिला अध्यक्ष का किया गया सम्मान

डीग (11 फरवरी/ नीरज जैन) कार्यकर्ता पार्टी की रीड की हड्डी है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम से भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। यह बात मंगलवार को डीग में आयोजित भाजपा के डीग कुम्हेर विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि विधायक डॉ शैलेश सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि जब दिल्ली विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल ने हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती दी कि मोदी जी इस जन्म में तो आप आम आदमी पार्टी को हरा नहीं पाओगे। तो पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल की चुनौती को स्वीकार करते हुए दिल्ली विधानसभा की हर गली मोहल्ले में जाकर प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी और पार्टी के घोषणा पत्र को आम जन तक पहुंचाने में जी तोड़ मेहनत कर केजरीवाल की चुनौती को ध्वस्त करते हुए दिल्ली में पार्टी को भारी बहुमत से ना केवल विजयी बनाया अपितु बड़बोले केजरीवाल को ही हरा कर दम लिया।
विधायक डॉ सिंह ने कहा कि मेरा सपना है कि डीग कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हो इसके लिए मैंने सरकार के पहले ही बजट में डीग शहर में बाईपास के निर्माण के लिए 100 करोड रुपए की राशि स्वीकृत कराई है। विधानसभा चुनाव के दौरान मैंने खेड़ा ब्राह्मण और सावई ग्राम पंचायतों के लोगो से कृषि भूमि में जल भराव की समस्या के निराकरण करने का वायदा किया था। इसके लिए मैंने सरकार से 6 करोड़ 25 लाख रूपये की राशि स्वीकृत करा दी है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष बजट में मेरा प्रयास रहेगा कि डीग में जिला चिकित्सालय खुले ताकि डीग जिले के लोगों को चिकित्सा सुविधाओं के लिए भरतपुर नहीं जाना पड़े। साथ ही डीग के ऐतिहासिक किले की खाई की सफाई कराकर इसकी सुरक्षा दीवाल का निर्माण हो। जिससे यहां पर्यटन सुविधाओं का विकास हो सके।
विधायक डॉ शैलेश सिंह ने कहा कि कर्मठ कार्यकर्ता शिवानी दायमा की जिला अध्यक्ष बनने से भरतपुर और डीग जिले में पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी। केंद्र और राज सरकार की विकास योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में बेहतर ढंग से काम हो सकेगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा ने पार्टी में कार्यकर्ताओं को सर्वोपरि बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता को पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगरपरिषद के सभापति निरंजन टकसालिया,भाजपा के शहर मंडल अध्यक्ष ललित तिवारी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राकेश गिरसे, पूर्व अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता,तारा सिंह सिनसिनवार, खेमचंद कोली जगदीश टकसालिया, दाऊ दयाल नसवारिया, भावना गांधी, प्रदीप शर्मा, श्याम ठाकुर, भाजयुमो अध्यक्ष मोहित ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र खंडेलवाल ने किया।






