फोन पर बातें करते हुए पैदल आ रही 18 वर्षीय छात्रा पर 8 से 10 कुत्तों ने किया हमला,

अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर के जेके नगर में शुक्रवार शाम करीब 6 बजे मोबाइल फोन पर बातें करते हुए पैदल आ रही 18 साल की छात्रा पर 8 से 10 कुत्तों ने एक साथ आकर हमला कर दिया। करीब 15 से 20 सैकंड तक कुत्तों ने छात्रा को नहीं छोड़ा। उसके तेज चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन व पड़ौसियों ने आकर उसे बचाया। छात्रा को 8 जगह से कुत्तों ने काटा है। छात्रा इतनी डर गई थी कि रोते हुए घर पहुंचने के बाद भी मम्मी के चिपकी रही। कई घंटे तक उसकी कंपकंपी बंद नहीं हुई। शनिवार को भी घर से बाहर निकलने से डरती रही। इस घटना के बाद में कॉलोनी के लोगों ने एक महिला को जमकर लताड़ा। जो कुत्तों को अपने साथ लेकर आती है। गुस्से में महिला की स्कूटी को भी गिराया।जेके नगर के प्लॉट नं. 51 में रहने वाली 18 वर्षीय नव्या ने बताया कि वह मोबाइल पर बात करते हुए आसानी से आ रही थी। तभी पीछे से भौंकते हुए कुत्ते आए। कुत्तों ने आते ही उस पर अटैक कर दिया। एक के बाद एक करीब 8 से 10 कुत्तों ने घेर लिया। कुछ सैकंड उसने कुत्तों को हाथ-पैर से हटाने का प्रयास किया। लेकिन कुत्ते आगे-पीछे से खींचने लगे। जिसके कारण वह जमीन पर गिर गई। चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ौसी निकल कर आए। तक कुत्तों को भगाया। नव्या कुत्तों के हमले से इतना डर गई कि मां का व मेरा हाथ पकड़ कर घर में चुपचाप बैठी रही। नव्या फिजियोथैरिपी की डिग्री कर रही है। दो दिन बाद में उसका प्रेक्टिकल होने वाला है। वह अब भी घबराई हुई है और घर के बाहर जाने से डरने लगी है।लोगों ने बताया कि नव्या के मकान के पास ही एक मकान में किसी ने कुत्ते पाल रखे हैं। ये लगातार लोगों पर हमला करते हैं। शिकायत के बावजूद भी प्रशासन की कार्रवाई नहीं हो रही है। उस पडौसी महिला को भी लोगों ने खूब डांटा है। लेकिन वो समझने को तैयार नहीं है। इस घटना का सीसीटीवी देखने मात्र से लोग डरे हुए हैं।






