खैरथल में बंद मकान को चोरों ने बनाया निशानाः 90 हजार नगद और सोने के गहने चोरी, तीन दिन से बाहर गया था परिवार
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) खैरथल के आनंद नगर कॉलोनी में डाकघर के पास एक बंद मकान से चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने मकान से 90 हजार रुपए नगद के साथ सोने की चेन और अंगूठी चुरा ली।
सीसीटीवी फुटेज में दो अज्ञात चोर शनिवार रात 12:53 बजे मकान में प्रवेश करते दिखाई दिए। उन्होंने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। मकान मालिक नत्थूमल रामलानी अपने परिवार के साथ पिछले तीन दिनों से शहर से बाहर गए थे।
रविवार सुबह पड़ोसियों ने मकान का मुख्य गेट टूटा देखा और मालिक को सूचित किया। नत्थूमल ने अपनी बेटी और दामाद दीपक गनवानी को मौके पर भेजा। घर पहुंचने पर सभी कमरों और रसोई में सामान बिखरा मिला। अलमारी तोड़ी गई थी।
खैरथल थानाधिकारी राकेश मीणा ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आस-पास के लोगों से पूछताछ कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश जारी है। इस वारदात से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय निवासियों में भय का माहौल है।