जिला कलेक्टर ने अन्त्योदय संबल पखवाड़ा शिविर के तहत किया इसरोदा एवं टपूकड़ा के सलारपुर शिविर का निरीक्षण
ग्राम पंचायत इसरोदा एंव सालारपुर में पर्यावरण संरक्षण कि दिशा में लगाए गए 2300 पौधे
खैरथल (हीरालाल भूरानी) पं. दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़ा के प्रथम दिन मंगलवार को जिला कलक्टर किशोर कुमार ने उपखंड तिजारा के ग्राम पंचायत इसरोदा एवं टपूकड़ा के ग्राम पंचायत सलारपुर में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित विभिन्न विभागों की स्टॉल्स का अवलोकन कर प्रदान की जा रही विभिन्न सेवाओं और वस्तुस्थिति की जानकारी शिविर एवं स्टॉल प्रभारी से ली और लाभार्थियों से संवाद कर फीडबैक भी लिया। उन्होंने अधिकारियों और कार्मिकों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को पात्रतानुसार और सरकार की मंशानुरूप लाभ प्रदान करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि पखवाड़े का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने राजस्व विभाग को आवंटित कार्यों, ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बीपीएल परिवारों के बैंक सत्यापन, आवेदन प्राप्ति और सर्वे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने एनएफएसए अंतर्गत लंबित प्रकरणों के निस्तारण, आधार सीडिंग, ई के वाईसी, पीएचईडी विभाग को टंकियों की साफ सफाई एवं लीकेज की मरम्मत करने को कहा एवं लंबित कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने समाज कल्याण विभाग को पेंशन सत्यापन कार्य शत प्रतिशत पूर्ण करने, राजस्व विभाग को लंबित पत्थरगढ़ी, सीमाज्ञान, नामांतरण, कुरेजात एवं रास्तों के प्रकरण के निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को स्वामित्व कार्ड वितरण करने एवं जल संरचनाओं की मरम्मत के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने उपस्थित आमजनों को जल संरक्षण के बारे में जागरूक किया। ग्राम पंचायत यशोदा में आयोजित कैंप में पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना अंतर्गत बीपीएल के दो परिवारों को चिन्हित किया गया जिसके तहत अब उन्हें ₹21000 की राशि योजना अंतर्गत दी जाएगी।
सलारपुर में शिविर के दौरान बालिकाओं का जन्म दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया - ग्राम पंचायत सलारपुर में आयोजित शिविर के दौरान एक सराहनीय पहल के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ग्रामीण बालिकाओं का जन्म दिवस हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। जिला कलेक्टर की अनुपस्थिति में भी कार्यक्रम की गरिमा बनी रही। इस विशेष अवसर पर नन्ही-मुन्नी बालिका द्वारा केक काटकर जन्मदिन मनाया गया, जिससे वातावरण में उल्लास और उत्साह की लहर दौड़ गई। जिला कलेक्टर द्वारा बालिकाओं को जन्म दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उपहार भी दिया गया, जिससे बालिकाओं के चेहरे खिल उठे।
ग्राम पंचायत इसरोदा एंव सालारपुर में पर्यावरण संरक्षण कि दिशा में लगाए गए 2300 पौधे - ग्राम इसरोदा में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने स्कूल परिसर में एक पेड़ मैं के नाम पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर ग्राम पंचायत क्षेत्र में कुल 200 पौधे लगाए गए।
इसी प्रकार सलारपुर में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामवासियों ने "एक पेड़ मां के नाम" जैसे भावनात्मक अभियां के तहत व्यापक रूप से सहभागिता निभाई। इस कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 2100 पौधे लगाए गए, जिसमें आम, जामुन, नीम, पीपल तथा अन्य फलदार और छायादार वृक्ष शामिल थे। जिला कलेक्टर ने आम एवं जामुन का पौधा लगाकर इस अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
इस पहल का उद्देश्य न केवल पर्यावरण संरक्षण था, बल्कि समाज में वृक्षों के प्रति भावनात्मक जुड़ाव भी बढ़ाना था। "एक पेड़ मां के नाम" अभियान लोगों को प्रकृति से जोड़ते हुए अपनी माताओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का भी माध्यम बना। इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित भविष्य देने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
एक जुलाई को यहां लगेंगे शिविर- एक जुलाई को उपखंड किशनगढ़ बास में ब्रसंगपुर, बाघोड़ा एंव धमुकड़, उपखंड कोटकासिम में खानपुर अहिर,तिगांवा, उपखंड मुंडावर में रानोठ, रुंध, बधिन, उपखंड टपूकड़ा में सारेकलां, जोड़िया मेव, उपखंड तिजारा में सरहेटा एंव रूपबास में कैंप आयोजित किए जाएंगे। शिवरो का आयोजन प्रातः 9:30 बजे से सांय 5:30 बजे तक किया जाएगा।