बड़ागांव में 6 माह से बंद पशु चिकित्सा केंद्र, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा: किया विरोध प्रदर्शन
सरमथुरा (नाहर सिंह मीणा) सरमथुरा उपखंड के बड़ागांव में पिछले छह माह से बंद पड़े पशु चिकित्सा केंद्र को लेकर पशुपालकों का गुस्सा फूट पड़ा है। आज बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पशु चिकित्सा केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और केंद्र में नियमित चिकित्सक की नियुक्ति तथा उसे नियमित रूप से खुलवाने की मांग की।
पशु चिकित्सा केंद्र बंद होने से क्षेत्र के पशुपालकों को अपने बीमार पशुओं के इलाज के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें या तो दूरदराज के इलाकों में जाना पड़ रहा है या फिर महंगे निजी पशु चिकित्सकों का सहारा लेना पड़ रहा है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान सरपंच प्रतिनिधि रवि मीना, कुलदीप मीना, रामखिलाड़ी मीणा, केदार प्रजापति, भमर कश्यप, नीरज कुशवाह, शिव मीना, रंजीत सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। इस विरोध प्रदर्शन ने प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर खींचा है। अब देखना होगा कि प्रशासन पशुपालकों की इस समस्या का समाधान कब तक करता है।

