"नशा छोड़ो – जीवन संवारो : तखतगढ़ में मनाया नशामुक्ति जागरूकता दिवस
तखतगढ़ (बरकत खा)
तखतगढ़ कस्बे पुराना बैदाना मार्ग स्थित संघवी केसरी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 23 अगस्त 2025 को राष्ट्रीय सेवा योजना +2 स्तर की स्थानीय इकाई द्वारा नशामुक्ति जागरूकता दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वयंसेवकों ने बैनर और तख्तियों के साथ नगर के मुख्य बाजार से रैली निकालकर की। रैली के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया गया कि नशा व्यक्ति को खोखला करता है और इससे परिवार तथा समाज पर नकारात्मक असर पड़ता है। विद्यालय में आयोजित पोस्टर, निबंध, कविता और भाषण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से नशे के दुष्परिणाम और नशामुक्त जीवन के महत्व को उजागर किया।
कार्यक्रम अधिकारी प्रदीप कुमार ढाका, प्रवीण कुमार, सांवल राम, तरुण कुमार, प्रीतम कुमार और दलवीर सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि युवा शक्ति यदि नशे से मुक्त रहेगी तो समाज और राष्ट्र प्रगति की ओर अग्रसर होगा। अंत में सभी ने सामूहिक संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।


