भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 25 अगस्त। जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में विभागीय योजनाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। उन्होंने सभी विभागों को योजनाओं में पात्र नागरिकों का चयन कर लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं में सभी विभाग पात्र नागरिकों का चयन कर लाभान्वित करें। कृषि, उद्यानिकी एवं उद्योग विभाग के अधिकारी विभिन्न अनुदान योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर लोगों को लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि युवाओं, किसानों, उद्यमियों, महिलाओं के लिए स्वरोजगार की अनुदान योजनाओं तथा नवाचारों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ धरातल पर मिले इसके लिए संबंधित अधिकारी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने सभी विभागों को बजट घोषणाओं की क्रियान्विति के लिए विभागीय स्तर पर मॉनिटरिंग करते हुए गति प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज, सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग एवं स्थानीय निकाय सामाजिक सुरक्षा योजना के पात्र नागरिकों का चयन कर उन्हें लाभान्वित करें। सभी पात्रजनों को नियमित रूप से सामाजिक सुरक्षा योजना की राशि खाते में जमा हो यह सुनिश्चित किया जाये।
सम्पर्क पोर्टल पर 7 दिवस में समस्या का निराकरण करें-
जिला कलक्टर ने विभागवार राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी सम्पर्क पोर्टल पर प्राप्त होने वाले परिवादों का 7 दिवस में निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्र्रत्येक समस्या का अध्ययन कर परिवादी को वास्तविक रूप से समस्या निराकरण के साथ जबाब भिजवाया जाए। उन्होंने बजट की उपलब्धता नहीं होने अथवा विभागीय मापदण्डों में पात्रता पूरी नहीं करने वाले प्रकरणों में परिवादी को जानकारी देकर प्रक्रिया से अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने 25 दिन से अधिक समय तक समस्या लम्बित को गम्भीरता से लेते हुये सभी विभागों को 7 दिवस में समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय अधिकारी निस्तारित समस्याओं के संतुष्टि लेवल के नियमित रूप से जांच कर समस्याओं को गम्भीरता से नहीं लेने वाले कार्मिकों के खिलाफ कार्यवाही करंे।
20 सूत्री के लक्ष्यों को पूरा करें-
उन्होंने सभी विभागों को 20 सूत्री कार्यक्रम के तहत विभागीय लक्ष्यों को समय पर पूरा करते हुए शतप्रतिशत उपलब्धि अर्जित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन लक्ष्यों में अभी तक विभागीय स्तर पर संतोषजनक प्रगति नहीं है वे योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर आवंटित लक्ष्यों को प्रतिसप्ताह पूरा करने के लिए कार्ययोजना बनाकर आगे बढें। उन्होंने सांसद एवं विधायक निधि के तहत स्वीकृत कार्यों की मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा कराने तथा पूर्ण हो चुके कार्यों की उपयोगिता प्रमाण-पत्र भिजवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को विभागीय कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के लिए कार्यालय की सभी पत्रावलियां राजकाज पोर्टल के माध्यम से निस्तारित कर आमजन को त्वरित राहत देने के निर्देश दिए।
एंटीलार्वा गतिविधि चलाने के निर्देश-
जिला कलक्टर ने शहर में जलभराव क्षेत्रों में पानी की निकासी व्यवस्था की समीक्षा कर निरन्तर मॉनिटरिंग रखने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्षा के कारण जिले में क्षतिग्रस्त सडकों केे पेचवर्क के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक निर्माण विभाग, शहरी क्षेत्र में नगर निगम एवं बीडीए के अधिकारियों को सडकें चिन्हित कर समय पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मच्छर जनित एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए चिकित्सा विभाग को अस्पतालों में आवश्यक सुविधायें व दवायें उपलब्ध रखने, स्थानीय निकायों के सहयोग से लार्वा रोधी अभियान चलाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर निदेशक घना मानस सिंह, सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह, अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, शहर राहुल सैनी, सचिव बीडीए नीलिमा तक्षक, सहायक निदेशक लोकसेवाएं भारती भारद्वाज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।