जिला कलक्टर रूपवास में शहरी व ग्रामीण सेवा शिविर में आमजन से हुए रूबरू 20 लाभार्थियों को किये स्वामित्व पट्टे जारी
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 19 सितम्बर। जिला कलक्टर कमर चौधरी ने रूपवास उपखंड के ग्राम खानुआ में ग्रामीण सेवा शिविर तथा रूपवास में शहरी सेवा शिविर में भाग लेकर विभिन्न विभागों द्वारा लाभान्वित किए गए नागरिकों को योजनाओं के स्वीकृति पत्र प्रदान किये। उन्होंने आमजन से रूबरू होते हुए कहा कि सेवा शिविरों में अधिक से अधिक भागीदारी निभाकर घर बैठे विभिन्न योजनाओं का लाभ लें, सरकार द्वारा अभियान के माध्यम से स्थानीय स्तर पर समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए की सभी विभाग योजनाओं की जानकारी देकर ग्राम पंचायत में पात्रता के आधार पर सभी नागरिकों का चयन करते हुए शिविर में लाभ प्रदान करें। उन्होंने विभागवार लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण कर दिनभर की उपलब्धियां की जानकारी ली तथा आम नागरिकों को योजनाओं के स्वीकृति पत्र प्रदान किये। उन्होंने ग्रामीणों को टीवी मुक्त अभियान में भागीदारी निभाते हुए निश्चय मित्र बनने का आह्वान किया। ग्रामीणों द्वारा खानुआ के सोंधी पट्टी में बार-बार विद्युत लाइन फाल्ट होने की शिकायत पर उन्होंने विद्युत निगम को तीन दिवस में विद्युत तार बदलने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में योजनाओं में सभी पात्रजनों की ई-केवाईसी, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आधार सत्यापन, शौचालय विहीन परिवारों का चयन कर आधिकारिक लाभ दिए जाएं।
उन्होंने राजस्व विभाग को किसानों की समस्याओं को स्वप्रेरित होकर निस्तारित करने के निर्देश दिए। शिविर में 30 किसानों को पीएम सुरक्षा योजना बीमा में लाभान्वित किया गया, कृषि विभाग द्वारा 25 किसानों को पीएम फसल बीमा योजना की पॉलिसी वितरित की, पालनहार योजना में 15 लाभान्वितों का सत्यापन किया, पेंशन योजना में दो नागरिकों का सत्यापन किया गया। राजस्व विभाग द्वारा 7 नामांतरण, धारा 136 के 18 प्रकरणों, कुरजात के दो प्रकरणों का निस्तारण किया। शिविर में आपसी सहमति से 16 बंटवारे, 20 नामांकन शुद्धि की गई, 10 जाति व 10 मूल प्रमाण पत्र जारी किये गये। पंचायत राज विभाग द्वारा 20 स्वामित्व पट्टे जारी किए, संपूर्ण स्वच्छता के तहत 72 नागरिकों के शौचालय निर्माण के लिए चयन किया गया, रसद विभाग द्वारा 137 केवाईसी, दो आधार सीडिंग, 6 एलपीजी मैपिंग की गई। चिकित्सा विभाग द्वारा 824 आयुष्मान कार्ड धारकों का सत्यापन किया गया, आईसीडीएस द्वारा 70 महिलाओं का पोषण किट के लिए चयन किया गया तथा 15 लाभान्वितों की ई-केवाईसी की गई। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी रूपवास विष्णु बंसल, विकास अधिकारी काजल शर्मा सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
शहरी शिविर में की जनसुनवाई -
जिला कलक्टर ने नगरपालिका रूपवास में अम्बेडकर पार्क में आयोजित शिविर में जनसुनवाई कर आमलोगों की समस्याओं का सम्बन्धित विभागों से मौके पर निराकरण करवाया। शिविर में स्वनिधि योजना के 4 लाभार्थियों का चयन कर एक को ऋण वितरण किया गया। जन्म-मृत्यु पंजीयन के 14, नगरपालिका द्वारा वार्डों में 8 स्थानों पर पेच वर्क का कार्य किया गया, 10 पत्रावलियों का सत्यापन कर नागरिकों को लाभान्वित किया गया, सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान के तहत 2 नागरिकों का चयन किया गया, 4 पालनहार सत्यापन, 2 आधार सीडिंग, 1 पालनहार स्वीकृति का कार्य किया गया। चिकित्सा विभाग द्वारा 50 निश्चय मित्र पहचान पत्र वितरित किये, 60 नागरिकों की स्वास्थ्य जांच, 9 का टीकाकरण किया गया, जलदाय विभाग द्वारा 1 हैण्डपम्प मरम्मत, विद्युत निगम द्वारा 9 समस्याओं का निस्तारण किया गया। इस अवसर पर अधिशाषी अधिकारी योगेश पिप्पल ने शिविर में किये गये कार्याें की जानकारी दी।


