कन्या महाविद्यालय टपूकडा में हुआ नेत्र जाँच शिविर का आयोजन
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) राजकीय कन्या महाविद्यालय टपूकडा में शनिवार को एन.एस.एस के प्रथम एक दिवसीय शिविर का शुभारंभ प्राचार्य मनोज चौपड़ा द्वारा माँ सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलन के साथ किया गया l एन.एस.एस. प्रभारी डॉ. प्रियंका गुप्ता ने शिविर में आयोजित होने वाली गतिविधियों के बारे में स्वयं सेविकाओं को जानकारी दी। शिविर के प्रथम सत्र में स्वच्छता अभियान के तहत महाविद्यालय कक्ष तथा आसपास के परिसर की साफ सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
शिविर के द्वितीय सत्र में एन.एस.एस तथा महिला नीति के संयुक्त तत्वाधान में नेत्र जाँच शिविर का आयोजन किया गया जिसमें मिश्री देवी सेवा फाउंडेशन एवं मिश्री देवी आई हॉस्पिटल से पधारे चिकित्सक डॉ. एकता करहाना तथा उनकी सहयोगी टीम विजय सिंह यादव, विक्रम सिंह, पप्पू के द्वारा महाविद्यालय छात्राओं के लिए निशुल्क नेत्र जाँच की व्यवस्था की गई। जिसका लाभ महाविद्यालय की सभी छात्राओं ने लिया l शिविर के बोद्धिक सत्र में डॉ. एकता के द्वारा नेत्रों के महत्व को समझाते हुए नेत्रदान के लिए छात्राओं को प्रेरित किया गया उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति के नेत्रदान से कई व्यक्तियों के जीवन में रोशनी की जा सकती है। महिला नीति प्रभारी डॉ. उमा शर्मा ने चिकित्सक तथा उनके सहयोगी टीम द्वारा महाविद्यालय में निशुल्क शिविर के लिए समस्त महाविद्यालय परिवार की तरफ से आभार व्यक्त किया तथा समय-समय पर इस तरह के आयोजन करने की इच्छा भी जताई तथा छात्राओं को अपने आसपास के लोगों को भी नेत्रदान हेतु प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर सभी महाविद्यालय स्टाफ सहित बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रही तथा एनएसएस स्वयं सेविकाओं का शिविर के सफल आयोजन में सराहनीय योगदान रहा।