पूजा बनी मिस फ्रेशर और रणवीर बने मि. फ्रेशर :खैरथल महाविद्यालय में हुआ आगाज़ 2025 कार्यक्रम
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
राजकीय महाविद्यालय खैरथल में राष्ट्रीय सेवा योजना तथा सांस्कृतिक समिति के संयुक्त तत्वावधान में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के अभिनंदन हेतु के फ्रेशर्स पार्टी के रूप में आगाज़ 2025 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. नीतू जेवरिया ने बताया कि महाविद्यालय में सत्र 2025-26 में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की अभिरुच्यात्मक क्षमताओं के संवर्द्धन और महाविद्यालय की सांस्कृतिक परम्परा से अवगत करवाने के लिए महाविद्यालय में प्रतिवर्ष की तरह ही इस सत्र में भी आगाज़-2025 कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम समन्वयक बबलू सिंह एवं कुशाल सिंह ने जानकारी दी कि कार्यक्रम का शुभारंभ एक दिवस पूर्व महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जानवी खंडेलवाल ने गणपति वंदना पर नृत्य प्रस्तुति देकर किया। तत्पश्चात यश्मी, याचिका, मुस्कान, नेहा, दीपा, खुशी, स्नेहा, पूजा, अंजली, रिया आदि ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियाँ दीं। तत्पश्चात मिस फ्रेशर और मिस्टर फ्रेशर हेतु व्यक्तित्व, शैक्षिक और शारीरिक क्षमताओं के लिए विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। छात्राओं में से पूजा ने मिस फ्रेशर और छात्रों में से रणवीर ने मिस्टर फ्रेशर का टाइटल प्राप्त किया। इन गतिविधियों में निर्णायक की भूमिका संकाय सदस्य सरस्वती मीणा, साक्षी जैन, राजवीर मीणा और सौम्या बारेठ ने निभाई। प्राचार्य डॉ. नीतू जेवरिया ने युवाओं से नियमित रूप से महाविद्यालय आकर शैक्षिक रूप से अपने जीवन को बेहतर दिशा देने की अपील की साथ ही सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भागीदारी करके अपने व्यक्तित्व का समग्र विकास करने की प्रेरणा दी। डॉ. दीपक चंदवानी ने प्रेरणादायक गीत सुनाकर विद्यार्थियों को प्रेरित किया। लेखाधिकारी मनोज गुप्ता ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए गीत सुनाया। राजवीर सिंह मीणा ने भी युवाओं का मार्गदर्शन किया। मंच संचालन रजनदीप, निकिता व जानवी खंडेलवाल ने किया। कार्यक्रम में विशेष सहयोग स्टाफ सदस्य दीपक अहलावत, मीठालाल रैगर, विक्रम सिंह तथा विद्यार्थी, पंकज, लोकेश, मंजीत सिंह, सचिन, नीरज आदि ने प्रदान किया।