अपहरण कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तांत्रिक को किया गिरफ्तार
भरतपुर (कोश्लेंद्र दत्तात्रेय)
वैर थाना क्षेत्र में वर्ष 2021 से लंबित चल रहे दो वर्षीय बालक गोलू की अपहरण कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तांत्रिक विजयसिंह पुत्र हरफूल जाटव (68) निवासी नगला खरबेरा, थाना वैर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बालक का अपहरण कर धारदार हथियार से सिर काटकर उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की है। मामला दिसंबर 2021 का है, जब नगला खरबेरा निवासी बनैसिंह जाटव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके भाई बलवीर का बेटा गोलू दोपहर करीब 12 बजे घर से बाहर खेलने निकला था और उसके बाद वापस नहीं लौटा। परिवारजनों ने काफी तलाश की, लेकिन बालक का कोई सुराग नहीं मिला। इस पर थाना वैर में मामला दर्ज किया गया। बालक की तलाश में पुलिस ने विशेष टीम गठित कर डॉग स्क्वॉड, एफएसएल और साइबर सेल की मदद से आसपास के खेतों, जंगलों और कुओं में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन बच्चे का पता नहीं चल सका। करीब 3 सप्ताह बाद 9 जनवरी 2022 को गांव के पास जंगल में एक बालक की कटी हुई खोपड़ी मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने खोपड़ी को जब्त कर डीएनए परीक्षण के लिए एफएसएल भेजा, जहां रिपोर्ट में यह खोपड़ी बालक गोलू की ही पाई गई। इसके बाद मामले में हत्या और सबूत मिटाने की धाराएं जोड़ी गईं। पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए कई संदिग्धों से पूछताछ की और उनका पॉलिग्राफी, ब्रेन मैपिंग व नार्को टेस्ट तक करवाया, लेकिन कोई ठोस साक्ष्य हाथ नहीं लगा। इसी बीच पुलिस ने गांव के ही तांत्रिक विजयसिंह को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की तो उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बालक के पिता बलवीर का एक महिला से प्रेम संबंध था और विजयसिंह भी उसी महिला के संपर्क में आना चाहता था। जब उसने महिला से शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला तो उसने इनकार कर दिया और गांव में शिकायत की धमकी दी। इससे नाराज़ होकर आरोपी ने बदला लेने की ठान ली। उसने बलवीर से झगड़े के बाद धमकी दी थी कि वह उसके बेटे को मार देगा। इसी रंजिश में 18 दिसंबर 2021 को विजयसिंह ने दो वर्षीय गोलू का अपहरण किया और धारदार हथियार से उसका सिर काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी से अभी और पूछताछ जारी है तथा प्रकरण से जुड़े अन्य साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।