सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन 31 को
भरतपुर (कौशलेंद्र दत्तात्रेय)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय पर 7 नवम्बर को तथा बयाना उपखण्ड मुख्यालय पर 18 नवम्बर को एकता मार्च का आयोजन किया जायेगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों के प्रति जागरूकता लाना है।
अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों एवं सामाजिक संस्थाओं को एकता मार्च की तैयारियों के संबंध में निर्देश प्रदान किये गये। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के विचारों को युवाओं के माध्यम से जन-जन तक पहुॅचाने के लिये सामजिक संस्थाऐं, नागरिक संगठन एवं सभी विभाग मिलकर कार्य करें। उन्होंने बताया कि पद यात्रा में 500 से अधिक युवा शामिल होंगे जिसमें स्काउट, एनसीसी, एनएसएस एवं कॉलेज तथा स्कूल स्तरीय विद्यार्थी भाग लेंगे। उन्होंने पद यात्रा में सामाजिक संगठनों को भी सक्रियता से भागीदारी निभाने का आव्हान किया। उन्होंने बताया कि 18 नवम्बर को बयाना उपखण्ड मुख्यालय की एकता मार्च के लिये अलग से मार्ग निर्धारित कर सभी संस्थाओं को सूचित किया जायेगा।
अतिरिक्त कलक्टर ने बताया कि 7 नवम्बर को आयोजित होने वाली एकता मार्च प्रातः 11 बजे मल्टीपरपज स्कूल से प्रारम्भ होकर मानसिंह सर्किल, बिजलीघर, मथुरागेट, चौबुर्जा, लक्ष्मण मंदिर, कोतवाली होते हुये कुम्हेर गेट पर सम्पन्न होगी। उन्होंने बताया कि एकता मार्च के प्रारम्भ होने से पूर्व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे। उन्होंने नगर निगम को सम्पूर्ण मार्ग पर साफ सफाई, चिकित्सा विभाग को ऐम्बूलेंस की व्यवस्था, जलदाय विभाग को पेयजल व्यवस्था तथा आरएसी व पुलिस को बैण्ड वादन की व्यवस्था के निर्देश दिये।
जिला समन्वयक नेहरू युवा केन्द्र सुनील राणा ने एकता मार्च के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा ने सभी संस्थाओं को सक्रिय सहयोग करते हुये भागीदार बनने का आव्हान किया। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं सामाजिक नागरिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---00---