अंतरराज्यीय कृषक भ्रमण दल को किया गया रवाना
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) मुख्यमंत्री की बजट घोषणा वर्ष 2025 के अंतर्गत आयोजित सात दिवसीय अंतरराज्यीय (राज्य से बाहर) कृषक भ्रमण कार्यक्रम का शुभारंभ आज कृषि विभाग के जिला स्तरीय आत्मा कार्यालय से किया गया। भ्रमण का उद्देश्य किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों, सफल कृषक मॉडलों एवं कृषि अनुसंधान संस्थानों की गतिविधियों से अवगत कराना है। इस भ्रमण से किसानों में आधुनिक कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी एवं उत्पादन तथा आय में वृद्धि हेतु प्रेरणा मिलेगी।
भ्रमण दल को परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. तुलसी सैनी द्वारा हरी झंडी दिखाकर कृषि परिसर से बस द्वारा रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान किसान ग्वालियर, झांसी, सिहोर, उज्जैन एवं इंदौर स्थित कृषि विश्वविद्यालयों एवं कृषि अनुसंधान संस्थानों का भ्रमण करेंगे। दल इंदौर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कृषक मेला में भी भागीदारी सुनिश्चित करेगा, जहां किसान नवीनतम कृषि उपकरण, जैविक खेती, मूल्य संवर्धन एवं विपणन तकनीकों की जानकारी प्राप्त करेंगे। इस अवसर पर कृषि अधिकारी रूपेंद्र सिंह मीना, उप परियोजना निदेशक आत्मा अमर सिंह, वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक एवं भ्रमण प्रभारी मनोज कुंतल, सह प्रभारी कृषि पर्यवेक्षक गौतम तथा कृषक मित्रगण उपस्थित रहे।

