नशा मुक्त भारत अभियान के तहत भुसावर में रैली का आयोजन
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)। कृषि महाविद्यालय भुसावर पर 12 नवम्बर बुधवार को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत कस्बा भुसावर में रैली का आयोजन किया, जिसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों व स्टाफ ने भाग लिया।
महाविद्यालय के डीन डॉ. उदय भान सिंह ने रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। आयोजित संगोष्ठी मे उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के सेवन से गंभीर सामाजिक, मनोवैज्ञानिक और शारीरिक समस्यायें उत्पन्न होती हैं। आज का युवा वर्ग नशा का आदी हो रहा है, इससे उसका स्वयं का कैरियर बर्बाद होता है, साथ ही परिवार और समाज भी उसका दंश झेलते हैं। उन्होंने कहा कि आजकल महिला भी नशा अपनाने लगी है। देश, समाज व स्वयं की समृद्धि और शांति के लिए नशे को छोड़ना चाहिए।
डॉ. आकाश तंवर ने कहा कि नशे की लत से हृदय रोग, मोटापा, लीवर व किडनी संबंधित बीमारियां बढ़ती हैं। हमें जनजागरूकता अभियान चलाकर समाज को नशा के दुष्प्रभावों के प्रति सावचेत करना चाहिए, साथ ही नशा से पीडित व्यक्तियों को नशा मुक्ति केन्द्रों की सहायता से नशा छोडने के लिए प्रेरित करना चाहिए। डॉ. शंकर लाल यादव ने कहा कि विकसित भारत का सपना नशा मुक्त भारत से ही पूर्ण होना संभव है। रैली में छात्र-छात्राऐं नशा मुक्ति संबंधित तख्तियां लेकर नारे लगाते चल रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यार्थियों को नशा मुक्ति संबंधित शपथ दिलाई गयी। इस अवसर पर कॉलेज स्टाफ व विद्यार्थी उपस्थित थे।


