गोविंदगढ़ CHC में चोरों ने स्टोर का ताला तोड़ा: लाखों का सामान चोरी; केंद्र पर न सुरक्षाकर्मी है, न सीसीटीवी
अलवर के गोविंदगढ़ कस्बे में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में बीती रात चोरी की घटना हुई। चोरों ने अस्पताल के स्टोर का ताला तोड़कर लाखों रुपए का सामान चुरा लिया। इस घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में रोष है।
चोरी का पता तब चला जब सुबह अस्पताल खुला। लैब इंचार्ज रोहिताश वर्मा ने बताया कि लैब के लिए सामान निकालने जब वे स्टोर पहुंचे तो ताले टूटे हुए मिले। स्टोर से कई महत्वपूर्ण सामान गायब थे, जिसकी सूची बनाकर अस्पताल इंचार्ज को दी गई है।
चोरों ने अस्पताल के सामान के साथ-साथ लुपिन संस्था का भी सामान चुरा लिया, जो स्टोर में रखा हुआ था। लूपिन संस्था गोविंदगढ़ CHC में मासिक कैंप आयोजित करती है। यह जानकारी लुपिन संस्था के कर्मचारियों ने दी।
- सीएचसी में ना सुरक्षाकर्मी है, ना सीसीटीवी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुरक्षा गार्ड की कोई व्यवस्था नहीं है। अस्पताल परिसर में पर्याप्त रोशनी की भी कमी है, जिससे रात में अंधेरा रहता है। इसके अलावा, अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं, जिससे चोरों को घटना को अंजाम देने में आसानी हुई।
इन सुरक्षा खामियों के कारण स्थानीय लोगों और अस्पताल में भर्ती मरीजों में काफी असंतोष है। गोविंदगढ़ क्षेत्र में हाल ही में हुई कई चोरियों का खुलासा न होने से भी नागरिक आक्रोशित हैं। कुछ दिन पहले अनाज मंडी में हुई चोरी और पूर्व में मंदिरों में हुई चोरियों के मामले भी अभी तक अनसुलझे हैं।

