चिड़वाई में महिला ने दर्ज कराया दहेज उत्पीड़न का मामला: पति, सास-ससुर पर मारपीट और तेजाब डालने का आरोप, पुलिस कर रही जांच
अलवर के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के चिड़वाई गांव की एक विवाहिता ने अपने पति, सास-ससुर और देवर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसे दहेज के लिए पीटा गया, तेजाब डालने का प्रयास किया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
- 4 साल पहले हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय पीड़िता सपना पुत्री रोशन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सपना की शादी वर्ष 2021 में चिड़वाई निवासी राहुल पुत्र नंदलाल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। विवाह में परिजनों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार घरेलू सामान, सोने-चांदी के आभूषण और नकद राशि दहेज के रूप में दिए थे।
- बाइक, दो लाख रुपए की मांग के आरोप
रिपोर्ट में बताया गया है कि शादी के कुछ समय बाद पति राहुल, सास सुनीता, ससुर नंदलाल और देवर रवि ने बाइक और दो लाख रुपए की मांग शुरू कर दी। विरोध करने पर सपना को गालियां दी गईं और उसके साथ मारपीट की गई। सपना ने यह भी आरोप लगाया कि एक बार उसके सिर पर तेजाब डालने की कोशिश की गई, जिससे उसकी गर्दन झुलस गई थी।
- मारपीट के बाद घर से निकाला
पीड़िता ने बताया- इस मामले को लेकर पंचायत में समझौता भी हुआ था, जिसमें ससुराल पक्ष ने भविष्य में प्रताड़ना न करने का आश्वासन दिया था। हालांकि, कुछ समय बाद फिर से अत्याचार शुरू हो गया। सपना के अनुसार, 3 अक्टूबर 2025 की रात पति और परिजनों ने उसे कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा और होश आने पर घर से निकाल दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वे इस मामले में निष्पक्ष जांच कर रहे हैं और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

