लिटिल स्केटर्स प्री-स्कूल में बाल दिवस पर धमाकेदार फैन्सी ड्रेस प्रतियोगिता

नन्हें बच्चों की अद्भुत रचनात्मकता और प्रतिभा ने बांधा समाँ, अभिभावकों ने की जमकर सराहना

Nov 14, 2025 - 13:39
 0
लिटिल स्केटर्स प्री-स्कूल में बाल दिवस पर धमाकेदार फैन्सी ड्रेस प्रतियोगिता

पाली (राकेश कुमार लखारा) पाली शहर में लिटिल स्केटर्स प्री-स्कूल में शुक्रवार को बाल दिवस के उपलक्ष्य में रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर सुबह से ही बच्चों की चहल-पहल और मनमोहक वातावरण से गुलजार हो उठा। आकर्षक साज-सज्जा और बच्चों की रंगीन वेशभूषाओं ने स्कूल को उत्सव स्थल में बदल दिया।

नेहरू जयंती पर शुरू हुआ कार्यक्रम, बच्चों को बताया बाल दिवस का महत्व

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय निदेशक भावेश सोनी ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। उन्होंने बच्चों को बाल दिवस का महत्व बताते हुए कहा कि बच्चे देश के भविष्य की नींव हैं और उनकी शिक्षा व संस्कारों में निवेश ही राष्ट्र की वास्तविक प्रगति है। उन्होंने कहा “ऐसे मंच बच्चों को आत्मविश्वास और संवाद कौशल प्रदान करते हैं, जो आगे उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”

थीम आधारित परिधानों में नन्हें बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति, अभिभावकों की तालियों से गूंजा सभागार

फैन्सी ड्रेस प्रतियोगिता कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें विभिन्न वर्गों के बच्चों ने निर्धारित विषयों के अनुसार अपनी प्रस्तुति दी। किसी ने स्वस्थ्य भोजन का संदेश दिया, तो कोई कार्टून किरदार बनकर सबका मन मोहता नजर आया। वहीं समुदाय सहायकों की भूमिका निभाते बच्चों ने समाज सेवा का संदेश दिया।

यूकेजी वर्ग के बच्चों ने संचार साधनों पर आकर्षक प्रस्तुति देते हुए पुराने समय से लेकर आधुनिक तकनीक तक का सफर दिखाया, जिसने दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। वहीं प्राथमिक वर्ग के विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के किरदार निभाते हुए देशभक्ति से ओत-प्रोत माहौल बना दिया।

निर्णायक मंडल ने की कठिन चयन प्रक्रिया, विजेताओं के नाम घोषित

प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बच्चों की भागीदारी रही, जिसके चलते निर्णायकों के लिए चयन प्रक्रिया चुनौतीपूर्ण रही। सभी बच्चों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ मंच पर अपनी प्रतिभा प्रस्तुत की।

विजेता विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर शानदार प्रस्तुति देते हुए सभी का मन मोह लिया। प्ले ग्रुप में फल एवं सब्जियाँ विषय पर प्रथम यशस्वी तोंबनीवाल, द्वितीय दियाना तथा तृतीय प्रिशा एवं वान्या रहे। नर्सरी वर्ग में कार्टून पात्र थीम पर प्रथम स्थान युक्तिका माहेश्वरी, द्वितीय रोशनी और तृतीय हितिका सोनी व क्रियांश बोहरा ने प्राप्त किया। एलकेजी में समुदाय सहायक विषय पर प्रथम हिंसाश चुगावी, द्वितीय नित्या और तृतीय हर्षिता गौड़ एवं वंशिका शर्मा रहीं। यूकेजी वर्ग की संचार के साधन थीम में प्रथम साही लोहिया, द्वितीय दिव्यांश रामेडी एवं लक्ष्य चौधरी और तृतीय सिया रही। वहीं प्राथमिक वर्ग में स्वतंत्रता सेनानी विषय पर प्रथम मृणन एवं शौर्य कुमावत, द्वितीय लदसक एवं याशिका तथा तृतीय स्थान पर लीक रहे।

सभी बच्चों को मिले उपहार, प्रबंधन ने बढ़ाया हौसला

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार प्रदान किए गए। बच्चों ने उत्साहपूर्वक पुरस्कार ग्रहण किए और अपनी खुशी अभिभावकों के साथ साझा की। विद्यालय निदेशक रविन्द्र सोनी ने बच्चों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि “इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ बच्चों की छिपी प्रतिभा को बाहर लाती हैं और उन्हें नए अवसरों का अनुभव कराती हैं। आगामी समय में विद्यालय ऐसे और भी आयोजन करता रहेगा।”

अभिभावकों और स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय स्टाफ एवं शिक्षिकाओं ने विशेष सहयोग किया। प्रत्येक कक्षा की शिक्षिकाएँ कई दिनों से बच्चों को थीम, संवाद और परिधानों की तैयारी करवाने में लगी हुई थीं। अभिभावकों ने भी बताया कि बच्चों में इस प्रतियोगिता को लेकर घर पर ही उत्साह देखने को मिला। कई अभिभावकों ने अपने बच्चों की वेशभूषा स्वयं तैयार कर कार्यक्रम में सहभागिता दर्ज कराई।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................