संभाग स्तरीय अमृता हाट का शुभारम्भ, सभी जिलों के विशेष उत्पाद एक ही स्थान पर होंगे उपलब्ध
अमृता हाट के माध्यम से महिलाओं का हो रहा आर्थिक सशक्तिकरण -जिला कलक्टर
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)। जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वाधान में संभाग स्तरीय अमृता हाट मेले का जिला कलक्टर कमर चौधरी ने एमएसजे कॉलेज मैदान में बुधवार को विधिवत फीता काटकर शुभारम्भ किया गया।
जिला कलक्टर ने हाट में लगी सभी स्टॉलो का अवलोकन कर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण में भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समुहों द्वारा तैयार उत्पाद शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण होते है। प्रदेशभर के सभी जिलों के समूहों द्वारा अमृता हाट में भागीदारी किये जाने से भरतपुर के नागरिकों को एक ही स्थान पर हर जिले के विशेष उत्पाद खरीदने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर आज महिलाऐं स्वयं सहायता समुह के साथ कार्य करते हुए नये कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशानुरूप महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ समूह के माध्यम से अपने उत्पादों की पहचान बनाने के लिए अमृता हाट मेले का आयोजन किया जाता है। उन्होंने विभिन्न जिलों से समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किये गये विशेष उत्पादों की सराहना की तथा अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिये।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मृदुल सिंह ने कहा कि एसएचजी के उत्पाद गुणवत्तापूर्ण व निर्धारित दरों के होते हैं इससे समूह को आत्मनिर्भर बनने में भी मदद मिलेगी। महिला अधिकारिता के उप निदेशक राजेश कुमार ने बताया कि अमृता हाट में राज्य के सभी जिलों से महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं व महिला आर्टिजन्स द्वारा स्वरोजगार हेतु निर्मित उत्पादों की स्टॉल लगायी गयी है। उन्होंने बताया कि अमृता हाट का समय प्रातः 11 बजे से रात्रि 8 बजे तक रहेगा। उन्होंने बताया कि अमृता हाट में 27 को आत्मरक्षा प्रशिक्षण व राधाकृष्ण की झांकी प्रस्तुत की जाएगी, 28 को राजस्थानी वेशभूषा प्रतियोगिता व लोकगीत, 29 व 30 को राजस्थानी लोकनृत्य व सांस्कृतिक संध्या तथा 1 दिसम्बर को चित्रकला, रंगोली एवं मेंहदी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
प्रदेश भर से 82 एसएचजी ने लगाई स्टॉल
अमृता हाट में 82 स्टॉल एसएचजी द्वारा लगायी गयी हैं जिनमें श्रीगणेश एसएचजी बीकानेर के नमकीन पापड, राधिका एसएचजी जयपुर के चूर्ण सुपारी, छवि एसएचजी किशनगढ के मसाले हींग, राजबेटी एसएचजी भरतपुर के स्टोन उत्पाद, जय श्री श्याम एसएचजी जयपुर के जूट हैण्डीक्राफ्ट, रनजुल वंचित एसएचजी अजमेर के वुडन हैण्डीक्राफ्ट, श्री मातृकृष्ण एसएचजी अजमेर के पेचवर्क गुजराती उत्पाद, राजपाल एसएचजी भरतपुर के हैण्डमेड पर्स व अन्य सामग्री, सरस्वती एसएचजी झालावाड के हैण्डमेड कपडे व बैडसीट, शिव एसएचजी दौसा के गर्म कपडे, पीएनबी आर-सेटी भरतपुर के हैण्डमेड पेपर करी व बैग सहित आचार मुरब्बे खानपान की सामग्री व सभी जिलों के एसएचजी के विशेष उत्पाद की खरीददारी का अवसर भरतपुर के नागरिकों को मिलेगा।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष सतेन्द्र गोयल, अरविन्द सिंह, बल्लू सिंह, एलडीएम प्रशांत कुमार, आर सेटी के निदेशक मलूकसिंह, सीडीपीओ कृष्णकांत शर्मा सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे। संचालन अनुपमा चीमा ने किया।