सड़क दुघर्टना में एक की मौत आधा दर्जन घायल
अलवर (अनिल गुप्ता)
अलवर सड़क मार्ग पर बुर्जा बाइपास पर रविवार को बड़ा हादसा हो गया। दोसा हाईवे की ओर से तेज रफ्तार में आ रही टाटा पंच कार अचानक अनियंत्रित होकर पहले खेत में घुस गई और कई बार पलटने के बाद फौजी होटल के पास चाय के खोखे पर जा टकराई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि खोखा पलट गया और वहां बैठे चार लोग उसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मांगेलाल (60), पुत्र रामसहाय बैरवा, निवासी बहाली (राजगढ़) को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायल—सचिन (25, सामोला), सुनील (25, साहोड़ी) और सारुख (35, मुंडावर खुर्द)—गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार में सवार तीन युवकों में से एक मौके से फरार हो गया, जबकि दो को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी तलाश जारी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।
सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।