देहरादून में कवि सदाराम का सम्मान, बुद्ध पूर्णिमा महोत्सव में किया काव्य पाठ
कठूमर (दिनेश लेखी) मालाखेड़ा क्षेत्र के गांव चौमू निवासी कवि सदाराम को एक मई को देहरादून में आयोजित बुद्ध पूर्णिमा महोत्सव 2026 में सम्मानित किया गया। यह विशेष कार्यक्रम बुद्धिस्ट कमेटी द्वारा उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कवि सदाराम को मंच संचालन एवं काव्य पाठ के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। उन्होंने अपने प्रभावशाली संचालन और काव्य प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर बुद्धिस्ट कमेटी एवं उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड, देहरादून द्वारा उन्हें विशेष सम्मान प्रदान किया गया। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा भेजे गए शुभकामना संदेश भी मंच से पढ़कर सुनाए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में अरुणाचल प्रदेश खादी एवं ग्राम उद्योग बोर्ड के अध्यक्ष मलिंग गोंबू उपस्थित रहे। इसके अलावा डॉ. पेमा तेंजिन, बलजीत सिंह सोनी (उपाध्यक्ष, अल्पसंख्यक आयोग उत्तराखंड), तिब्बत सेटलमेंट अधिकारी उत्तराखंड, डॉ. त्वसंग फूंचौक एवं ब्रिगेडियर के.जी. बहल सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
कवि सदाराम का जन्म एक किसान परिवार में हुआ। उन्होंने स्नातक तथा राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त की है। स्कूल व कॉलेज समय से ही उन्हें मंच पर बोलने का शौक रहा है, जो आज उन्हें राज्य से बाहर भी पहचान दिला रहा है। वर्तमान में उन्हें विभिन्न कार्यक्रमों में मंच संचालन एवं काव्य पाठ के लिए आमंत्रित किया जाता है।
कवि सदाराम विभिन्न विधाओं में कविता, गजल और शायरी लिखते हैं तथा उनकी स्वरचित रचनाओं का अच्छा संग्रह है। इससे पूर्व भी उन्हें राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर कई पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं, वहीं जिला स्तर पर भी अनेक बार सम्मानित किया जा चुका है। वे एक उत्कृष्ट कवि के साथ-साथ कुशल मंच संचालक के रूप में भी अपनी पहचान बना चुके हैं।


