मुख्यमंत्री के ताया ससुर का निधन:अंतिम दर्शन के लिए बाबुला गांव पहुंचे, श्रद्धांजलि अर्पित की
भरतपुर ( लेखेन्द्र सिंह बंशीवाल) : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को डीग जिले के कुम्हेर क्षेत्र में स्थित बाबुला गांव पहुंचे, जहां उन्होंने अपने ससुर के बड़े भाई किशनलाल (80) के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की। सोमवार देर रात बीमारी के चलते किशनलाल का निधन हो गया था। सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री सुबह अंतिम दर्शन के लिए गांव पहुंचे और परिवार को ढांढस बंधाया। इस दौरान डीग-कुम्हेर विधायक शैलेश सिंह भी उनके साथ रहे।
सीएम का हेलीकॉप्टर सुबह महाराजा सूरजमल ब्रज विश्वविद्यालय परिसर में उतरा, जहां से वे सड़क मार्ग से बाबुला गांव पहुंचे। करीब पांच मिनट तक रुककर उन्होंने दिवंगत बुजुर्ग को श्रद्धांजलि दी और फिर जयपुर के लिए रवाना हो गए। सीएम के आगमन को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की भीड़ गांव में दिखाई दी। सीएम के लौटने के बाद परिजनों ने किशनलाल की अंतिम यात्रा निकाल, गांव के श्मशान में उनका अंतिम संस्कार किया।


