मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डीग के पूंछरी का लौठा स्थित श्रीनाथ जी मंदिर में की पूजा-अर्चना
डीग= (नीरज जैन) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को गिर्राज जी की सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग में डीग जिले के द्वापर कालीन तीर्थ स्थल पूंछरी का लौठा पहुंचकर भगवान श्रीनाथ जी मंदिर में विधिवत दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री शर्मा ने श्रीनाथ जी मंदिर परिसर स्थित मुकुट मुखारविंद पर भी पूरे विधि-विधान से पूजा अर्चना कर श्रद्धापूर्वक वस्त्र अर्पित किए और गिरिराज जी का आशीर्वाद लिया। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गिरिराज जी महाराज की आरती उतारी और उनसे राजस्थान प्रदेश की निरंतर प्रगति, खुशहाली और आमजन के जीवन में सुख-समृद्धि की मंगल कामना की।
पूजा-अर्चना के पश्चात मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से बड़ी आत्मीयता से मिले। उन्होंने वहां उपस्थित लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और उनके नाम लेकर कुशलक्षेम पूछी। जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम , विधायक डॉ शैलेश सिंह सहित अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री भजनलाल लाल शर्मा को जन्मदिन की शुभकामना देते हुए भगवान गिरिराज जी महाराज से उनकी दीर्घायु को कामना की।मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर श्रद्धालु अत्यंत उत्साहित नजर आए।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री शर्मा अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार की सुबह जयपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर पूंछरी का लौठा स्थित हेलीपैड पहुंचे। हेलीपैड पर पहुंचने पर जिले के प्रभारी मंत्री एवं जल संसाधन एवं जल संसाधन (आयोजना) मंत्री सुरेश सिंह रावत, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, डीग-कुम्हेर के विधायक डॉ शैलेश सिंह, कामां विधायक नौक्षम चौधरी, नदबई विधायक जगत सिंह, जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा, संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया, आईजी कैलाश चंद बिश्नोई, जिला कलेक्टर डीग उत्सव कौशल, जिला कलेक्टर भरतपुर कमर चौधरी, जिला पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश मीणा, आयुक्त बीडीए कनिष्क कटारिया, सामई के सरपंच गजाधर शर्मा और ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनकी अगवानी की।
दर्शन और पूजन कार्यक्रम संपन्न होने के पश्चात मुख्यमंत्री वापस हेलीपैड पहुंचे और वहां से जयपुर के लिए प्रस्थान कर गए। मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा और प्रोटोकॉल के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए गए थे।