12 वर्षीय बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत; पिता बोले- कोई बीमारी नहीं थी, समझ नहीं आया क्या हुआ
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक12 वर्षीय बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक बालिका की पहचान भूमिका (उम्र 12 वर्ष) निवासी शिवाजी पार्क, 1K-29 के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार भूमिका तीन बहनों में दूसरे नंबर की थी और वह वर्तमान में आठवीं कक्षा में अध्ययनरत थी। उसके पिता मनोज कुमार तिलक मार्केट में कपड़े का व्यवसाय करते हैं। बताया गया कि रात को परिजनों को अचानक भूमिका की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिली। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही शिवाजी पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल बालिका की मौत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति सामने आ सकेगी।