कठूमर में बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची टीम पर लाठी-डंडों व लात-घूंसों से हमला
कठूमर (दिनेश लेखी)। कस्बे में शनिवार सुबह बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की सतर्कता (विजिलेंस) टीम पर एक परिवार द्वारा लाठी-डंडों व लात-घूंसों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में विजिलेंस टीम के कई कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें एक लाइनमैन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना शनिवार सुबह करीब 7 बजे की है। सूचना पर मौके पर पहुंची कठूमर थाना पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां लाइनमैन बच्चू सिंह चौधरी की आंख के पास गंभीर चोट लगने से लगातार रक्तस्राव होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
थाना प्रभारी सुनील टांक ने बताया कि इस संबंध में मारपीट व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण की जांच उप निरीक्षक गुलाब सिंह द्वारा की जा रही है।
सहायक अभियंता सतर्कता प्रमोद कुमार शर्मा (जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, लक्ष्मणगढ़) ने रिपोर्ट में बताया कि शनिवार सुबह करीब 8.45 बजे वे अपनी सतर्कता टीम के कर्मचारियों बच्चू सिंह जाट पुत्र करण सिंह एवं राजकुमार पुजारी पुत्र कैलाश चंद पुजारी, निवासी पीपलखेड़ा, के साथ सरकारी वाहन बोलेरो (आरजे-02 टीए 3580) से कठूमर कस्बे के पत्ती वाला सड़क मार्ग पर स्थित स्नानघर के पास मकानों की बिजली चोरी की जांच कर रहे थे।
इसी दौरान मौके पर नरेश मीना पुत्र झब्बू मीना व अवधेश मीना पुत्र हव्वू मीना पहुंचे और टीम के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौच करने लगे। इसके बाद उनके परिवार की महिलाएं गुलाब पत्नी झब्बू मीना एवं तारा पत्नी हव्वू मीना सहित अन्य लोग भी वहां आ गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर टीम को जांच करने से रोका, फोटो व वीडियो ग्राफी नहीं करने दी और स्थिति को गंभीर बनाते हुए कर्मचारियों के साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी।
हमले में दिव्यांग कर्मचारी बच्चू सिंह को जमीन पर पटक दिया गया, जिससे उनके माथे, आंख और नाक पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। वहीं कर्मचारी राजकुमार पुजारी के साथ भी मारपीट की गई, उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया तथा जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों ने सरकारी वाहन पर पत्थर भी फेंके, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
टीम के सदस्य किसी तरह मौके से जान बचाकर निकले और घायल बच्चू सिंह को कठूमर के सार्वजनिक चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।