पैन-पेंसिल पैकिंग जॉब के नाम पर करते थे ठगी; जुरहरा पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर 4 साइबर ठग किए गिरफ्तार
जुरहरा (डीग) जुरहरा पुलिस ने एसपी ओमप्रकाश मीणा के निर्देशन में 'ऑपरेशन एंटीवायरस' अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने साइबर ठगी की पोर्टल शिकायतों के आधार पर लोकेशन ट्रेस कर पाई के जंगलों से चार ठगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए ठगों के पास से मौके पर चार मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। ये ठग सोशल मीडिया पर 'घर बैठे पैन-पेंसिल पैकिंग' का काम देने का विज्ञापन डालते थे।
ठग भोले-भाले लोगों को रजिस्ट्रेशन कराने और जॉब कार्ड बनवाने के नाम पर ठगी का शिकार बनाते थे। इन ठगों ने दिल्ली, मुंबई, मध्य प्रदेश और गुजरात जैसे कई राज्यों के लोगों को निशाना बनाया है और लाखों रुपए की ठगी की है। पुलिस इन ठगों से गहनता से पूछताछ कर रही है।