गोविंदगढ़ उपखंड कार्यालय की 'नेट'बंदी: सीएम का लाइव प्रसारण ठप, सीबीईओ ने टैबलेट से दिखाया कार्यक्रम
गोविन्दगढ़, (अलवर) डिजिटल कामकाज के दावों के बीच शुक्रवार को गोविंदगढ़ उपखंड और तहसील कार्यालय में तकनीकी खामी ने प्रशासन की कमर तोड़ दी। कार्यालय की इंटरनेट कनेक्टिविटी अचानक बंद होने से न केवल सरकारी कामकाज ठप हो गया, बल्कि मुख्यमंत्री के महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी नहीं हो सका।
पेंडिंग रहे काम, लगी रही भीड़-
सुबह से ही इंटरनेट गायब होने के कारण तहसील और उपखंड कार्यालय में सन्नाटा तो नहीं, लेकिन फरियादियों की भारी भीड़ जरूर नजर आई। जाति, मूल निवास प्रमाण पत्र और अन्य राजस्व कार्यों के लिए दूर-दराज से आए ग्रामीण घंटों इंतजार करने के बाद मायूस होकर लौटे।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम हुआ प्रभावित-
शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 'राज्य स्तरीय मेगा पीटीएम' और 'निपुण मेला' के तहत आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विद्यार्थियों और अभिभावकों से सीधा संवाद कर रहे थे। इस दौरान निशुल्क साइकिल वितरण, गार्गी पुरस्कार और ट्रांसपोर्ट वाउचर की डीबीटी राशि का हस्तांतरण भी होना था। डीओआईटी (DOIT) के वीसी रूम में इंटरनेट नहीं होने के कारण प्रशासन इस महत्वपूर्ण प्रसारण को बड़ी स्क्रीन पर दिखाने में विफल रहा।
टैबलेट बना सहारा -
जब सरकारी सिस्टम फेल हो गया, तो मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) ने तत्परता दिखाई। उन्होंने अपने व्यक्तिगत टैबलेट पीसी के माध्यम से वहां मौजूद विद्यार्थियों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री का संबोधन और लाइव प्रसारण दिखाया। हालांकि, छोटी स्क्रीन होने के कारण सभी लोगों को कार्यक्रम देखने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अधिकारियों की चुप्पी-
इंटरनेट कनेक्टिविटी कब तक बहाल होगी, इस पर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। कनेक्टिविटी ठप होने से कार्यालय के रूटीन कामकाज के साथ-साथ ऑनलाइन मॉनिटरिंग के काम भी पूरी तरह बंद रहे।