गोविंदगढ़ ब्लॉक में 758 छात्राओं को मिलीं 'सपनों की साइकिल' , विधायक सुखवंत सिंह ने बांटी निशुल्क साइकिलें
गोविन्दगढ़ (अलवर) ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शुक्रवार को गोविंदगढ़ उपखण्ड में एक बड़ा कदम उठाया गया। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी 'निशुल्क साइकिल वितरण योजना' के तहत क्षेत्र के 35 राजकीय माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों की 758 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं।
विधायक ने काटा फीता, छात्राओं को दी शुभकामनाएं-
साइकिल वितरण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह ने किया। उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (गोविंदगढ़) और महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (रामबास) में फीता काटकर छात्राओं को साइकिलें सौंपी। इस दौरान पूरा परिसर छात्राओं के उत्साह और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
साइकिल नहीं, यह आत्मविश्वास की सवारी है: विधायक-
बसंत पंचमी के पावन अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए विधायक सुखवंत सिंह ने कहा, "साइकिल केवल एक वाहन नहीं है, बल्कि यह हमारी बेटियों के लिए शिक्षा, आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की ओर बढ़ाया गया एक मजबूत कदम है। अक्सर दूरी की वजह से ग्रामीण क्षेत्रों में बेटियां पढ़ाई छोड़ देती थीं, लेकिन अब यह दूरी उनके सपनों के आड़े नहीं आएगी।"
शिक्षा की राह होगी आसान -
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) विश्वजीत ने बताया कि इस योजना से छात्राओं के समय की बचत होगी और वे नियमित रूप से विद्यालय आ सकेंगी। उन्होंने कहा कि सुविधाओं के अभाव में जो बालिकाएं बीच में पढ़ाई छोड़ देती थीं, अब उन्हें आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। इस वितरण समारोह ने छात्राओं में एक नया जोश भर दिया है।