भारतीय जीवन मूल्यों और संस्कारों को अपनाने की आवश्यकता- गोयल; हिंदू सम्मेलन में विभिन्न लोगों को किया गया सम्मानित
डीग (नीरज जैन) डीग के तेली पाड़ा में ऐतिहासिक लक्ष्मण मंदिर में महंत पंडित मुरारीलाल पाराशर की अध्यक्षता में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया,जिसमें सर्वजातियों के प्रमुख बंधुओं, मातृशक्ति और सामाजिक जीवन में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि राकेश गोयल ने इस अवसर पर कहा कि सम्मेलन से सभी को यह संकल्प लेने की आवश्यकता है कि जाति और क्षेत्रीय भेद से ऊपर उठकर वसुधैव कुटुंबकम की भावना को मजबूत किया जाए। उन्होंने भारतीय जीवन मूल्यों, संस्कारों और आचार-विचार को समझकर उन्हें दैनिक जीवन में अपनाने तथा देश के प्रति सम्मान और सामाजिक समरसता बनाए रखने पर जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे लक्ष्मण मंदिर के महंत पंडित मुरारीलाल पाराशर ने कहा कि समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाने के लिए समरस, संगठित और सद्भावपूर्ण समाज का निर्माण आवश्यक है। उन्होंने परिवारों को संस्कार, संवाद और संस्कृति आधारित जीवन से जोड़ने की बात कही और कहा कि मजबूत परिवार ही मजबूत समाज की नींव होता है। साथ ही जल, जंगल, जमीन और जीवन की रक्षा, पेड़ लगाने और जल संरक्षण को नागरिक कर्तव्य बताया।
संत कृष्ण बाबा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए, क्योंकि देश की वर्तमान परिस्थितियों में ऐसे मंचों की आवश्यकता और अधिक बढ़ गई है। इस अवसर पर मुकेश राजपूत, कृष्ण बल्लभ शर्मा, कमलचंद शर्मा, महावीर गुर्जर, अंजलि गांधी, बाबूलाल वर्मा, गोपाल इंदौलिया, जसवंत भारती, जितेंद्र पाराशर सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

